बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 19 यात्री घायल; दिल्ली से कानपुर जा रही थी
दिल्ली से कानपुर जा रही एक डबल डेकर बस गंगा एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने के कारण पलट गई, ...और पढ़ें
HighLights
दिल्ली से कानपुर जा रही डबल डेकर बस पलटी।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, 19 घायल।
एक गंभीर घायल यात्री मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, बदायूं। नींद में डबल डेकर बस दौड़ा रहे चालक अंकित ने शुक्रवार 65 यात्रियों की जिंदगी खतरे में डाल दी। गंगा एक्सप्रेसवे पर 90-100 किमी प्रतिघंटे की गति से बस दौड़ाते समय उन्हें झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, फिर पलटकर 10 मीटर तक घिसटती गई।
गनीमत रही कि इस घटनाक्रम के बावजूद जनहानि नहीं हुई। हादसे में 19 यात्री घायल हुए, उनका राजकीय मेडिकल कालेज में उपचार कराया गया। दिल्ली से कानपुर जा रही बस शुक्रवार सुबह चार बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर निनमा गांव के पास पहुंची थी।
उस समय सभी यात्री सो रहे थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। डिवाइडर से टक्कर लगने पर तेज झटका लगा, तब यात्रियों की नींद खुली। चंद सेकंड में बस पलटकर घिसटने लगी, इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
उसी समय वहां से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों ने पुलिस को फोन पर सूचना दी। कुंवरगांव थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि बस हटवाकर रेस्ट एरिया में पहुंचाई, ताकि आवागमन बाधित न हो। जिस समय बस पलटी, तब पीछे से कोई वाहन तेज गति में नहीं आ रहा।
इससे यात्रियों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। हादसे में चालक कानपुर निवासी अंकित भी घायल हुए। उन्होंने बताया कि झपकी आने से बस से संतुलन छूट गया था।
कानपुर के कल्याणपुर निवासी ब्रजेश उपाध्याय, मडावली निवासी मयंक झा, पुखरामा निवासी सौरभ, कल्याणपुर निवासी विवेक, कानपुर देहात निवासी संदीप, किदवई नगर निवासी सलील, पनकी निवासी अजय, कानपुर नगर निवासी शिवम, हरिश्याम, दिल्ली निवासी मगतराम, ममता, कानपुर के कल्याणपुर निवासी विधान आदि घायल हुए।
