बदायूं सड़क हादसे में घायल दारोगा देवराज सिंह की मौत, सिपाही की हालत में सुधार
बदायूं में बिसौली-बिलसी रोड पर कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल दारोगा देवराज सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल सिपाही अमित चाहल की हा ...और पढ़ें

देवराज सिंह की फाइल फोटो इंसेट में। जागरण
HighLights
दारोगा देवराज सिंह की सड़क हादसे में उपचार के दौरान मौत
घायल सिपाही अमित चाहल की हालत में लगातार सुधार जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार कब्जे में ली, चालक फरार
जागरण संवाददाता, बदायूं। बिसौली-बिलसी रोड पर ग्राम निजरा के समीप शुक्रवार देर शाम कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए दारोगा देवराज सिंह की शुक्रवार देर रात मुरादाबाद के एपेक्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल सिपाही अमित चाहल की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे दारोगा देवराज सिंह और सिपाही अमित चाहल बाइक से गश्त कर रानेट क्षेत्र से कोतवाली लौट रहे थे।
कार ने बाइक में मारी थी टक्कर
इसी दौरान ग्राम निजरा के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरादाबाद स्थित टीएमयू अस्पताल रेफर किया गया था।
हादसे में घायल दारोगा की उपचार के दौरान मौत
उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात दारोगा देवराज सिंह ने दम तोड़ दिया। वह 59 वर्ष के थे और अमरोहा के थाना देहात क्षेत्र स्थित गांव पृथ्वीपुर कलां के निवासी थे। उनके पिता का नाम तेजपाल सिंह है। उनकी तैनाती दिसंबर 2025 में बिसौली कोतवाली में हुई थी।
यह भी पढ़ें- धरना स्थल से CJP अध्यक्ष अभिजीत को बिना भाषण लौटाया, लखनऊ में छात्रों ने किया विरोध
फरार चालक की तलाश जारी
पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। उधर, सिपाही अमित चाहल की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में सम्मान के बाद उनका शव स्वजन को सौंपा जाएगा।