विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 10 दिन में दौड़े 1100 ओवरलोड माल वाहन, NHAI ने ARTO को सौंपी लिस्ट

Updated: Tue, 25 Aug 2026 02:05 AM (IST)

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर काठा टोल प्लाजा पर 10 दिनों में 1100 ओवरलोड वाहन पकड़े गए हैं। एनएचएआई ने इन वाहनों की सूची एआरटीओ को कार्रवाई के लिए भेजी है।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 10 दिन में दौड़े 1100 ओवरलोड माल वाहन।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 10 दिन में दौड़े 1100 ओवरलोड माल वाहन।

HighLights

  1. दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर 1100 ओवरलोड वाहन पकड़े गए।

  2. काठा टोल प्लाजा पर वेट-इन-मोशन प्रणाली से पता चला।

  3. एनएचएआई ने कार्रवाई हेतु एआरटीओ को सूची भेजी।

जागरण संवाददाता, बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं। काठा टोल प्लाजा पर 28 जुलाई को 164 ओवरलोड माल वाहन पहुंचे तो अफसर हैरान रह गए। इनका पता काठा टोल प्लाजा पर वेट-इन-मोशन प्रणाली के माध्यम से चला है।

इसके बाद जांच की गई तो 10 दिन में 1100 ओवरलोड माल वाहन वहां पहुंचे। इन वाहनों की सूची तैयार की गई। इन वाहनों पर कार्रवाई और ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एनएचएआइ के अफसरों ने एआरटीओ को सूची भेजी। ओवरलोड वाहनों से न केवल कारिडोर को नुकसान है, बल्कि हादसे होने की संभावना बनी रहती है।

जानिए वे-इन-मोशन प्रणाली

डब्ल्यूआइएम (वे-इन-मोशन) प्रणाली: ऐसी आधुनिक तकनीक है, जो दौड़ते हुए वाहनों का वजन माप लेती है। सड़क पर लगे सेंसर और कंप्यूटर की मदद से वाहन के गुजरते ही वास्तविक समय में वजन का डेटा दर्ज करती है।

वाहनों की श्रेणी वाहनों की संख्या कुल अतिरिक्त भार (टन) अधिकतम अतिरिक्त भार (किग्रा)
एलसीवी 18 98.97 60,050
ट्रक 2 एक्सल 65 250.40 21,125
ट्रक 3 एक्सल 4 6.62 2,850
एमएवी 4 एक्सल 21 130.62 18,500
एमएवी 4 एक्सल एआर 5 72.45 28,450
एमएवी 5 एक्सल 25 304.30 36,000
एमएवी 5 एक्सल एआर 2 40.95 31,150
एमएवी 6 एक्सल 24 450.25 73,900

(नोट: एनएचएआई के रिकॉर्ड के अनुसार 28 जुलाई को टोल प्लाजा पर पहुंचे माल वाहनों का विवरण)

दो गुना से अधिक मिला वाहनों में भार

एनएचएआई के रिकार्ड के मुताबिक वाहनों में दो गुना से अधिक भार मिला है। राजस्थान नंबर के एक वाहन में 49 हजार किग्रा के सापेक्ष 1,22,900 किग्रा भार मिला। इस तरह 73,900 किग्रा अधिक भार पाया गया। दूसरे वाहन में 49 हजार किग्रा के सापेक्ष 1,18,350 किग्रा भार मिला। तीसरे वाहन में 49 हजार के सापेक्ष 1,09,050 किग्रा भार मिला।

बागपत नंबर के दो एक्सल ट्रक में 19,425 किग्रा के सापेक्ष 42,550 किग्रा भार मिला इस तरह एक दिन में 75 वाहनों में पांच टन से अधिक, 39 वाहनों में 10 टन से अधिक तथा 12 वाहनों में 25 टन से अधिक अतिरिक्त भार मिला है।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 10 दिन में 1,100 ओवरलोड माल वाहन काठा टोल प्लाजा पर पहुंचे। इनका पता वे-इन-मोशन प्रणाली के माध्यम से चला है। इन वाहनों की सूची एआरटीओ को भेजी गई है, ताकि कार्रवाई की जा सके। -नरेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई।


दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर ओवरलोड वाहन नहीं दौड़ने दिए जाएंगे। एनएचएआई से प्राप्त सूची के आधार पर ओवरलोड वाहनों का चालान किया जा रहा है। -विपिन कुमार, एआरटीओ।