भाई के निधन के एक साल बाद हुआ बेटा, बच्चे के पिता ने बड़ा फैसला लेकर उसे सिक्कों से तौला
Baghpat News : उत्तर प्रदेश के बागपत जिला निवासी अक्षय ने अपने दिवंगत भाई रोहित की स्मृति में अपने नवजात बेटे को सिक्कों से तौला। भाई के निधन के ठीक ए ...और पढ़ें

बागपत में बच्चे को सिक्कों से तोलते अक्षय व उनकी पत्नी सोनम। सौ. स्वजन
HighLights
मन्नत मांगी थी कि पुत्र प्राप्ति पर भाई के रूप में स्वीकार करेगा।
पत्नी के साथ मंदिर पहुंच बच्चे को सिक्कों से तौला।
संवाद सूत्र, जागरण, छपरौली (बागपत)। भाई के निधन के एक साल बाद बेटा पैदा होने पर एक व्यक्ति ने उसे सिक्कों से तौला। यही नहीं भाई का नाम भी उसे दे दिया। वजन करने के बाद 10-10 रुपयों के सिक्कों को मंदिर में दान कर दिया। मामला छपरौली क्षेत्र के पट्टी धंधान गांव का है।
अक्षय ने बताया कि उसके 21 वर्षीय छोटे भाई रोहित का बीमारी के चलते 6 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया था। भाई की स्मृति में उसने ईश्वर से मन्नत मांगी थी कि यदि पुत्र की प्राप्ति होगी तो वह उसे अपने भाई के रूप में स्वीकार करेगा। पुत्र के वजन के बराबर राशि मंदिर में दान करने का संकल्प भी लिया था। भाई के निधन के ठीक एक साल बाद 6 अक्टूबर 2025 को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई।
अक्षय ने नवजात का नाम रोहित रखा। रविवार को पत्नी के साथ संत शिरोमणि रविदास मंदिर पहुंचा। वहां नवजात को सिक्कों से तौला गया। बच्चे का वजन छह किलोग्राम पाया गया। 10-10 के सिक्कों के रूप में 9221 रुपये हुए, जिसे मंदिर को दान कर दिया गया। परिवार कस्बे के थाना तिराहे पर फलों की रेहड़ी लगाता है।
किशोरी नहीं मिली, मां ने खाना छोड़ा
बड़ौत शहर के एक मुहल्ले से चार दिन से लापता 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस अभी तक बरामद नहीं कर सकी है। लड़की न मिलने के कारण उसकी मां ने खाना छोड़ रखा है। समाज के लोगों ने एसपी से मिलकर किशोरी की बरामदगी की मांग उठाई है।
खबरें और भी
31 जनवरी को किशोरी अपने घर के पास से ही लापता हो गई थी। लड़की की मां ने उसके पिता को इस बात की खबर दी तो उसी दिन कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। उसके साथ घर का एक मोबाइल भी है। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन निकाली तो ज्यादा सफलता हाथ नहीं लग सकी है। समाज के लोग एसपी सूरज कुमार राय से मिले और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होना बताते हुए किशोरी को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की।
उधर, किशोरी की मां चार दिन से कुछ नहीं खा रही है जिससे उसकी तबीयत बिगड़ रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि किशोरी को बरामद करने के लिए सर्विलांस टीम के अलावा कोतवाली पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं। हरियाणा और दिल्ली में दबिश दी गई हैं, लेकिन अभी कामयाबी हासिल नहीं हुई है। जल्द से जल्द किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।