विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति ने पत्नी पर किए कैंची से वार, हाथ से गिरी मासूम बच्ची ने तोड़ा दम; आरोपित मौके से हो गया फरार

By Kapil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 17 Sep 2026 12:53 PM (IST)Updated: Thu, 17 Sep 2026 07:42 PM (IST)

बागपत में पति-पत्नी के विवाद के दौरान पति द्वारा कैंची से किए गए हमले में पत्नी की गोद से गिरकर ...और पढ़ें

बच्ची का शव लेकर जाती पुलिसकर्मी। जागरण

बच्ची का शव लेकर जाती पुलिसकर्मी। जागरण

HighLights

  1. विवाद में पति ने पत्नी पर कैंची से हमला किया।

  2.  पत्नी ने विवाद में बच्ची गिरने की बात कही

संवाद सूत्र, अमीनगर सराय (बागपत)। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान तीन माह की बच्ची की जान चली गई। विवाद में पति ने पत्नी के गले पर कैंची से वार कर उसे घायल कर दिया। इसी दौरान महिला के हाथ से बच्ची नीचे गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चलेगा।

गांव लुहारा में खजूर वाली मस्जिद के पास वेल्डिंग मिस्त्री सलमान पत्नी शीबा पर छोटे भाई के साथ संबंधों को लेकर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। करीब तीन दिन पहले भी मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। गुरुवार सुबह सात बजे पति-पत्नी में यह विवाद फिर से शुरू हो गया। तकरार बढ़ने पर सलमान ने शीबा पर कैंची से वार कर दिया। कैंची लगने से शीबा के गले में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गई।

शोर सुनकर ननद सोफिया व सानिया मौके पर पहुंचीं और शीबा को बचाया। इसी दौरान शीबा के हाथ से तीन माह की बेटी अलीबा नीचे गिर गई। गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सलमान वहां से फरार हो गया। ससुराल पक्ष के लोगों ने घायल शीबा का गांव के निजी चिकित्सक से उपचार कराया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने चाहा तो सलमान के स्वजन ने विरोध किया।

हालांकि पुलिस ने थोड़ी सख्ती कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बच्ची को जमीन पर पटकने से मौत होने की आशंका जताई है। मामले में रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि दिल्ली के शहीदनगर निवासी शीबा का निकाह सलमान के साथ चार वर्ष पूर्व हुआ था। दंपती के एक बेटा और एक बेटी और हैं।

थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि बच्ची को पटककर मारने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। महिला ने बयान में स्पष्ट किया कि बच्ची मारपीट के दौरान उसकी गोद से गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार पुलिस कार्रवाई भी नहीं चाहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट होगा।