बागपत में तीन साल से मुख्य रास्ते पर जलभराव, लोग परेशान, जिम्मेदार मौन
Baghpat News : बागपत के शाहपुर बाणगंगा गांव में मुख्य रास्ते पर तीन साल से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को भ ...और पढ़ें

शाहपुर बाणगंगा गांव में मुख्य रास्ते पर हुआ जलभराव
HighLights
लोगों को आवागमन में भारी असुविधा।
मक्खी-मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ा।
संवाद सूत्र, बिनौली (बागपत) । शाहपुर बाणगंगा गांव के मुख्य रास्ते पर जलभराव रहने से ग्रामीणों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीणों की जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से बार-बार शिकायत करते हुए तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है।
शाहपुर बाणगंगा गांव में बाहरी हिस्से में मुख्य रास्ता है। इस रास्ते से कई गांवों के ग्रामीणों का आना-जाना रहता है। इस रास्ते पर कई वर्ष पूर्व सीसी रोड निर्माण के साथ नाला भी बनवाया गया था। एक किसान की हठ के चलते इस नाले का कहीं लिंक नहीं दिया गया है, जिससे गांव का पानी वहां जा सके।
इस तरह जलनिकासी नहीं होने से रास्ते पर करीब 300 मीटर दूरी तक हर समय जलभराव रहता है, जिससे ग्रामीणों को तो आवागमन में असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
वहीं स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को अपने घरों से आने-जाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव का यह पानी रास्ते के किनारे स्थित खेतों में जाकर 10 से अधिक किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहा है। इसके अलावा रास्ते के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को मक्खी-मच्छरों के प्रकोप का भी सामना करना पड़ता है।
गांव की इस जटिल समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों द्वारा जिला प्रशासन के आला अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को लगातार शिकायत की जा रही हैं, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
बलराज, महेंद्र, मनोज, सुमित, मोहित व अमित गिरि का कहना है कि गांव के जलनिकासी की समस्या का समाधान जल्द होना चाहिए, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों से छुटकारा मिल सके। बीडीओ नरेंद्र सिंह का कहना है कि कई वर्ष पुरानी इस समस्या के समाधान के लिए किसानों से वार्ता कर प्रयास किए जाएंगे।