हाथ बंधे और कमरे में फंदे से लटका शव: चचेरी बहन से निकाह के 14 दिन बाद युवक की मौत; मर्डर या सुसाइड?
Baghpat News: बागपत में शादी के 14 दिन बाद 22 वर्षीय आरिस का शव फंदे पर लटका मिला। स्वजन हत्या ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो।
HighLights
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
युवक के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, बागपत। चचेरी बहन से निकाह के 14 वें दिन युवक का मकान के कमरे में फंदे पर शव लटका मिला। पीड़ित स्वजन ने युवक की हत्या का शक जताया है। आरोप है कि युवक अपनी पत्नी को तलाक देने की तैयारी कर रहा था। इसको लेकर उसके साथ मारपीट की गई थी।
पंचायत में पांच लाख रुपये का दबाव बनाया गया था, इसके एवज में युवक ढाई लाख रुपये देने के लिए सहमत हो गया था। वहीं पुलिस का मानना है कि युवक ने खुदकुशी की है, इसका सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।
ग्राम हरचंदपुर निवासी 22 वर्षीय आरिस पुत्र नदीम का आठ सितंबर को चचेरी बहन से निकाह हुआ था। उसके बहनोई सलीम का कहना है कि आरिस निकाह से खुश नहीं था, जिसका जबरन निकाह कराया गया था। आरिस अपनी पत्नी को तलाक देना चाहता था, जिसके दस्तावेज तैयार करा लिए थे। इसको लेकर महिला पक्ष के लोगों ने आरिस के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी।
सोमवार को आरिस ने ही पंचायत आयोजित कराई थी, ताकि सहमति से तलाक हो जाए। आरोप है कि महिला पक्ष के लोगों ने दबाव बनाया कि तलाक देगा तो पांच लाख रुपये देने होंगे। आरिस ने ढाई लाख रुपये देने के लिए बोल दिया था, लेकिन महिला पक्ष के लोग सहमत नहीं हुए थे।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह आरिस का शव कमरे में रस्सी से लटका मिला, जिसके हाथ पीछे बंधे हुए थे। कमरे में पहले से आरिस की पत्नी थी। स्वजन को शक है कि आरिस की हत्या की गई है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर युवक के शव को कब्जे में लिया। उधर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि पत्नी से विवाद होने पर युवक ने खुदकुशी की है।
पिता करते है मुंबई में काम
आरिस के पिता नदीम मुंबई में मोबाइल टावर का कार्य करते हैं। उसके एक भाई और दो बहन हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पीड़ित स्वजन को सांत्वना देने वालों का घर पर तांता लगा है।
