हादसे का सबब न बन जाए पुसार-बरनावा मार्ग पर टूटी पड़ी बाउंड्री वाल... जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
पुसार-बरनावा मार्ग पर बेगमाबाद गढ़ी और मांगरौली के बीच टूटी बाउंड्री वाल सड़क पर पड़ी है, जिससे दुपहिया वाहन चालक लगातार चोटिल हो रहे हैं। शिकायतों के ...और पढ़ें

पुसार बरनावा मार्ग पर बेगमाबाद गढ़ी व मांगरौली के बीच टूटी पड़ी खेत की बाउंड्री वाल। जागरण
HighLights
पुसार-बरनावा मार्ग पर टूटी बाउंड्री वाल सड़क पर गिरी।
दुपहिया चालक लगातार हो रहे चोटिल, दुर्घटना का खतरा।
पुलिस ने खेत मालिक को मलबा हटाने का निर्देश दिया।
संवाद सूत्र, दाहा (बागपत)। पुसार-बरनावा मार्ग पर बेगमाबाद गढ़ी और मांगरौली के बीच सड़क पर टूटी पड़ी बाउंड्री वाल कभी भी हादसे का सबब बन सकती है। बाउंड्री वाल में उलझकर आए दिन दुपहिया वाहन सवार चोटिल हो रहे हैं। शिकायत के बावजूद मार्ग पर पड़ा बाउंड्री वाल का मलबा नहीं हटाया जा रहा है, जबकि इस मार्ग से मेरठ से छपरौली जाने वाले यात्री वाहन भी निकलते हैं।
पुसार-बरनावा मार्ग पर दो सप्ताह पूर्व बरसात के साथ चली तेज हवा के कारण बेगमाबाद गढ़ी और मांगरौली के बीच कराई गई एक खेत की सीमेंट वाली बाउंड्री वाल उखड़कर मार्ग पर गिर गई थी, जो मार्ग के मध्य तक पड़ी हुई है। किसान द्वारा खेत के चारों तरफ करीब 10 फीट ऊंची बाउंड्री वाल खड़ी कराई हुई थी, जो सड़क की साइड वाली तेज हवा में उखड़कर सड़क पर गिर गई। करीब 70 फीट दूर तक सीमेंट के पोल व सिल्ली बिखरी पड़ी हैं। राहगीर अनुज कुमार, नरेश कुमार, मनोज आदि ने बताया कि सड़क पर पड़ी बाउंड्री वाल में आए दिन दुपहिया वाहन उलझकर गिरने से वाहन सवार चोटिल हो रहे हैं।
इस मार्ग से मेरठ से छपरौली जाने वाली रोडवेज बस के अलावा ट्रक, ठेले, ई–रिक्शा एवं कार, दुपहिया निजी वाहन भी काफी संख्या में निकलते हैं। मेरठ-बड़ौत मार्ग, दाहा-बरनावा मार्ग तथा बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग के अलावा दिल्ली-सहारनपुर मार्ग को भी जोड़ता है। कई मार्ग जुड़ने के कारण वाहनों का आवागमन काफी रहता है। इसकी शिकायत खेत मालिक के अलावा स्थानीय पुलिस से भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक सड़क पर पड़े बाउंड्री वाल के मलबे को नहीं हटवाया गया है, जबकि सड़क पर पड़ा मलबा दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा है। वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी दोघट केवल सिंह ने बताया कि खेत मालिक को सूचना भिजवा दी गई है कि सड़क पर पड़े मलबे को मार्ग से तुरंत हटवाया जाए।