साइबर ठगी का गिरोह चला रहे थे छात्र, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर काल करने वालों से करते थे ठगी; यूं आए गिरफ्त में
बागपत पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के आठ छात्रों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपित जस्ट डायल पर कॉल करने वालों को कम दाम में सामान का झांसा देकर क ...और पढ़ें

पकड़े गए साइबर ठगों के बारे में जानकारी देते एएसपी प्रवीण सिंह चौहान। जागरण
HighLights
बागपत में अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के आठ छात्र गिरफ्तार।
जस्ट डायल प्लेटफार्म पर एक करोड़ रुपये की ठगी की।
सॉफ्ट ड्रिंक बुकिंग के नाम पर कारोबारी से ठगी की।
जागरण संवाददाता, बागपत। अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के आठ सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित जस्ट डायल प्लेटफार्म पर काल करने वालों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर चुके हैं। साफ्ट ड्रिंक की बुकिंग के नाम पर कारोबारी से ठगी करने के मामले में आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इनके पास से एक पिस्टल, तमंचा, कार और अन्य सामान बरामद हुआ है। सभी आरोपित छात्र हैं, इनमें तीन एमबीए कर रहे हैं।
एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने शनिवार को बताया कि बली गांव के कारोबारी संदीप अग्रवाल ने साइबर थाने में नौ अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि उन्होंने एक अप्रैल को इंटरनेट मीडिया पर जस्ट डायल प्लेटफार्म पर साफ्ट ड्रिंक मंगवाने को काल की थी। इसके बाद अज्ञात नंबर से काल आई और कालर ने जानकारी दी कि 120 रुपये की साफ्ट ड्रिंक 80 रुपये में उपलब्ध करा दी जाएगी।
झांसे में आकर 80 लाख रुपये की साफ्ट ड्रिंक बुक कराई थी। इसके एवज में अलग-अलग तिथियों और बैंक खातों में 2.15 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। न साफ्ट ड्रिंक उपलब्ध कराई और न ही रुपये लौटाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना की तो आठ आरोपित प्रकाश में आए। आरोपितों को शनिवार सुबह बागपत-चमरावल रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने जानकारी दी कि उन्होंने जस्ट डायल सर्च इंजन का सब्सक्रिप्शन ले रखा था।
यहां काल करने वालों के पास काल कर ग्रोसरी, साफ्ट ड्रिंक आदि के विज्ञापन की जानकारी देकर कम पैसों में सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर आनलाइन धनराशि ट्रांसफर कराते थे। इसके बाद मोबाइल नंबर बंद कर देते थे। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर आरोपितों के विरुद्ध 20 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनसे एक करोड़ रुपये की आनलाइन ठगी की गई है।