पांच माह में तीन बार डस चुका है सांप; युवक का संकल्प-न सांप को मारूंगा और न ही घबराऊंगा
बागपत के बिनौली गांव में एक युवक को पांच माह में तीसरी बार सांप ने डसा, जिससे वह हैरान है। युवक राजा ने संकल्प लिया है कि वह सांप को न मारेगा और न ही ...और पढ़ें

राजा।
HighLights
युवक राजा को पांच माह में तीसरी बार सांप ने डसा।
हर बार सांप ने एक ही पैर में डसा, जान बची।
राजा का संकल्प न सांप मारूंगा न ही घबराऊंगा।
जागरण संवाददाता, बागपत। पिछले पांच माह में तीसरी बार सांप ने युवक को डस लिया। दो बार तो घर में ही 12 दिन के अंदर सांप डस चुका है। इस बार चिकित्सकों ने 12 इंजेक्शन लगाकर उसकी जान बचाई। वहीं, लगातार सांप के डसने को लेकर पीड़ित ही नहीं, अन्य लोग भी हैरान है। उधर, युवक ने अपना संकल्प दोहराया है कि सांप कितनी बार भी डस ले, लेकिन न सांप को मारूंगा और न ही घबराऊंगा।
गांव बिनौली निवासी युवक राजा ने बताया कि वह क्रिकेट का खिलाड़ी है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। बीएसएफ का जल्द ही फिजिकल होना है। वह शनिवार रात करीब 10 बजे अपने घर के बाथरूम में गया था। उसी समय सांप ने पैर में डस लिया। इसका पता उस समय चला, जब सांप पंजे के ऊपर से होकर गुजरा। वह तुरंत सीएचसी पहुंचा। चिकित्सक ने उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां भर्ती कर चिकित्सक ने उपचार किया।
हालत में सुधार होने पर घर पहुंचा। सात जुलाई को मोबाइल का चार्जर लेने के लिए जाते समय घर में ही इकट्ठे हुए पानी में सांप ने पैर में डस लिया था, तब भी बिनौली सीएचसी व जिला अस्पताल में उपचार कराया गया था। इससे पहले फरवरी माह में क्रिकेट खेलते समय सांप ने पैर में ही डस लिया था। एक पारी खेलकर घर लौटने पर अचानक नींद आने लगी, तब पता चला था कि सांप ने उसे डसा है। इसके बाद उपचार कराया गया। तीनों बार सांप ने एक ही पैर में डसा है।
उधर, जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा. शाहिद अली का कहना है कि उनकी ड्यूटी में युवक राजा सांप के डसने के बाद दूसरी बार अस्पताल पहुंचा है। इस बार राजा को एंटी स्नेक वेनम के दो इंजेक्शन बिनौली सीएचसी व 10 इंजेक्शन उनके द्वारा लगाए गए। हालत में सुधार होने पर राजा को अस्पताल से छुट्टी दी गई।