दिल्ली-सहारनपुर रेल रूट पर 24 अगस्त को 10 घंटे का रहेगा मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित
दिल्ली-सहारनपुर वाया शामली रेलमार्ग पर 24 अगस्त की रात मुबारिकपुर फाटक के पास पटरी बदलने का काम होगा, जिससे 10 घंटे का ब्लॉक रहेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
24 अगस्त की रात 10 घंटे का रेल ब्लॉक।
मुबारिकपुर फाटक के पास पटरी बदलने का काम।
ट्रेनों का संचालन बंद, वाहनों का डायवर्जन।
संवाद सहयोगी, बागपत। दिल्ली सहारनपुर वाया शामली रेलमार्ग पर मुबारिकपुर फाटक के पास पटरी बदलने का काम होगा। इससे रेलमार्ग पर 24 अगस्त की रात आठ बजे से 10 घंटे का ब्लॉक रहेगा। वाहनों काे डायवर्ट करने के लिए विभाग ने रेलवे की मदद मांगी है।
दिल्ली-सहारनपुर वाया शामली रेलमार्ग पर दौड़ने वाली विद्युत ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए विभाग निरंतर ट्रैक पर काम का रहा है। कहीं फाटकों को खत्म किया जा रहा है तो कहीं पुरानी पटरियों को बदला जा रहा है।
पिछले महीने भी खेकड़ा स्टेशन के पास पुरानी पटरियों को बदलने का काम हुआ था। 24 अगस्त की रात फिर रेलवे इंजीनियरों की टीम मुबारिकपुर रेलवे फाटक के पास पुरानी पटरियां बदलने के साथ अन्य कार्य भी करेंगी। इसके लिए रात 10 बजे से 25 अगस्त की सुबह छह बजे तक रेलमार्ग पर ब्लॉक रहेगा।
इस दौरान रेलमार्ग पर किसी भी ट्रेन का संचालन नहीं होगा। ब्लॉक खत्म होने के बाद ही ट्रेनों का आवागमन होगा। इस मार्ग से वाहनों का संचालन रोकने के लिए विभाग ने पुलिस से मदद मांगी है। पुलिस की मदद से वाहनों का डायवर्ट कर दूसरे मार्ग से निकाला जाएगा।
