स्कूल में बवाल के मामले में SP बागपत का एक्शन: चौकी इंचार्ज समेत 14 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर; दो गांवों में पुलिस व PAC तैनात
Bagphat News: बागपत में रामलीला विवाद के बाद स्कूल में हुए बवाल के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई ...और पढ़ें

शास्त्री स्मारक इंटर काॅलेज पदड़ा पर तैनात पीएसी। जागरण
HighLights
तीन मुकदमे दर्ज, आठ आरोपितों को जेल भेजा, दो अस्पताल में भर्ती।
दोनों गांवों में सांप्रदायिक तनाव, स्कूल में भी पीएसी-पुलिस की तैनाती।
संवाद सूत्र, अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। रामलीला के विवाद के बाद स्कूल में हुए बवाल की घटना में पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी इंचार्ज सीमा सिंह समेत पूरी चौकी का स्टाफ लाइन हाजिर कर दिया। दोनों गांवों में सांप्रदायिक तनाव है। गांवों के अलावा स्कूल में भी पुलिस एवं पीएसी तैनात है।
मामले में अलग-अलग तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार किए 10 आरोपितों में से आठ को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। जबकि दो आरोपित मेरठ मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती हैं।
ग्राम अहमद शाहपुर पदड़ा में रामलीला देखते समय 18 अक्टूबर की रात विकुल निवासी ग्राम निबाली का अल्ताफ से विवाद हो गया था। अगले दिन अल्ताफ के भाई तालिब समेत दो युवकों की ट्रेन में विकुल पक्ष ने पिटाई कर दी थी। 20 अप्रैल को आटो रुकवाकर मोईन, रिहान समेत तीन युवकों पर हमला किया गया। इसी तरह मैरिज होम से लौटते समय सादिक समेत दो युवकों को पीटा गया।
इन घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद भी पुलिस कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाए रही। इससे दोनों पक्षों का दुस्साहस बढ़ता चला गया। 21 अक्टूबर की सुबह 10 बजे अहमद शाहपुर पदड़ा के शास्त्री स्मारक इंटर काॅलेज में दो छात्र मोहित धामा और मिस्वाह के बीच कहासुनी के बाद बवाल हो गया था। दोनों पक्षों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया था।
इसमें छात्र मोहित समेत छह लोग घायल हो गए थे। अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी प्रभारी सीमा सिंह ने रात को दोनों पक्ष के 21 नामजद समेत 71 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी ने सीओ सुकन्या शर्मा से मामले की जांच कराई। एसपी ने कहा कि 18,19 और 20 अक्टूबर को लगातार सांप्रदायिक झगड़े हुए, जिनके संबंध में अलग-अलग तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
टटीरी चौकी प्रभारी सीमा सिंह ने इन घटनाओं की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। वैधानिक कार्रवाई न करते हुए अपने कर्तव्य में लापरवाही बरती। चौकी प्रभारी सीमा सिंह समेत यहां तैनात 14 पुलिसवालों को लाइन हाजिर किया गया है।
इनमें एसआइ आलोक कुमार, महिला हेड कांस्टेबल कोमल, हेड कांस्टेबल कैलाश, शिवदत्त, कन्हैया लाल, राकेश सिंह, करतार सिंह, रामकुमार, गजेंद्र सिंह, विपिन कुमार और कांस्टेबल अभिषेक, विशाल पंवार और लवकुश शामिल हैं।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल का कहना है कि गिरफ्तार दो आरोपित मोहित और विकुल अस्पताल में भर्ती हैं। इनके अलावा निसार, इरशाद, मोहसिन, मंजूर महमूद निवासीगण अहमदपुर शाहपुर पदड़ा और शिवम, गुंजन और नितिन निवासी ग्राम निबाली को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।