बड़ौत डबल मर्डर: भाई की हत्या का बदला लेने के लिए वरुण ने हरियाणा से बुलाए थे शूटर, दो गिरफ्तार
बड़ौत में टेंट व्यवसायी सोहनलाल और उनके बेटे विकास अग्रवाल हत्याकांड में नए तथ्य सामने आए हैं। ...और पढ़ें

HighLights
टेंट व्यवसायी और बेटे की हत्या में नए तथ्य सामने।
मुख्य आरोपी वरुण ने भाई की हत्या का बदला लिया।
हरियाणा से बुलाए गए शूटर जॉनी और भीमसेन गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, बागपत। बड़ौत शहर के चर्चित टेंट व्यवसायी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास अग्रवाल हत्याकांड की जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के मुख्य आरोपित रहे हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने वारदात को अंजाम देने के लिए हरियाणा से अपने साथी जोनी को फोन कर बुलाया था। जोनी अपने साथ भीमसेन को लेकर बागपत आया था।
सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि जोनी ने भीमसेन को बागपत में शापिंग कराने के बहाने साथ लिया था। इसके बाद दोनों अपने साथी बिजेंद्र की कार से बड़ौत पहुंचे और वरुण लुहारी के घर गए। वहां पर सभी ने शराब पी और वारदात की योजना बनाई।
इसके बाद बिजेंद्र कार लेकर वापस चला गया, जबकि वरुण, जोनी और भीमसेन बाइक से व्यापारी के घर पहुंचे। जांच में सामने आया कि वारदात के समय बाइक भीमसेन चला रहा था। वहीं जोनी ने वरुण के साथ मिलकर शूटर की भूमिका निभाई।
वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए थे। सीओ ने बताया कि हत्याकांड में शामिल शूटर जोनी को हरियाणा के भिवानी जनपद की पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, बड़ौत पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी भीमसेन को गिरफ्तार कर लिया।