भाजपा नेता पर फायर झोंका, बागपत में शादी समारोह से लौटते समय असलहे के बट से वार भी किया
Meerut News: भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष शेर सिंह गुर्जर पर शादी समारोह से लौटते समय बागपत में स्कार्पियो सवार चार लोगों ने हमला कर दिया।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
भाजपा नेता शेर सिंह गुर्जर पर बागपत में हुआ हमला।
मेरठ निवासी चार आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता,बागपत। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष शेर सिंह गुर्जर पर शादी समारोह से लौटते समय रास्ते में स्कार्पियो सवार चार व्यक्तियों ने असलहे से फायर किया। वह गोली लगने से बाल-बाल बचे, लेकिन बट से वार कर घायल किया गया। गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
पीड़ित शेर सिंह गुर्जर निवासी ग्राम बाघू ने बताया कि वह गत तीन नवंबर की रात हरियाणा के जनपद सोनीपत के बहालगढ़ में शादी समारोह से स्कार्पियो से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है रात कि करीब 10 बजे गौरीपुर मोड़ से गांव को जाने वाले बाग वाले रास्ते पर पीछे से हूटर बजाते हुए सफेद रंग की स्कार्पियो को ओवरटेक कर उनकी गाड़ी के आगे खड़ी किया गया, जिसमें सवार चार व्यक्ति स्वचालित हथियार लेकर बाहर निकले।
आरोपितों की गांव में रिश्तेदारी है, तथा उनसे रंजिश रखते हैं। एक आरोपित ने असलहे से फायर किया। वह गोली लगने से बाल-बाल बचे। आरोपितों ने हथियारों से मारपीट की। टिप्पणी कर जबरदस्ती गाड़ी से खींचा। असलहे की बट से सिर पर वार किया। गंभीर चोट लगने से बदहवास हो गए। इसी दौरान पीछ़े से एक अन्य गाड़ी को आता देख आरोपित गाली-गलौज देते हुए फायर कर भाग गए।
कुछ लोग वहां पर पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति ने डायल-112 पर काल की। थोड़ी देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर जिला अस्पताल में उनका उपचार कराया। आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उधर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल का कहना है कि इस मामले में आरोपित आर्यन, उज्ज्वल, प्रांजल और अंश निवासीगण मेरठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों का पता तस्दीक किया जा रहा है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
होटल में शराब पार्टी, घर के सामने से गुजरे
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया है। इस घटना से पहले एक होटल में शराब पार्टी की। बाद में घर के सामने से गुजरे। इसका पता सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से चला है। आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।