दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर पर भीषण हादसा, दिल्ली निवासी युवती की मौत; युवक घायल
Baghpat News: दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर पर गांगनौली के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से कार में सवार दिल्ली की एक युवती की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रतीकात्मक फोटो।
HighLights
बागपत में गांगनौली के अवैध कट के पास हुआ हादसा।
जर्मनी में रहकर कारोबार करते हैं युवती के पिता।
जागरण संवाददाता,बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर पर गांगनौली के अवैध कट के निकट अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। उसमें सवार एक युवती की मौत हो गई तथा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। वहीं पुलिस ने जांच कर क्षतिग्रस्त कार को काॅरिडोर से हटवाया।
दिल्ली के माडल टाउन फेस-2 निवासी 24 वर्षीय आदित्य चोपड़ा पुत्र भारत भूषण और फेस-1 निवासी 21 वर्षीय शहरा अरोड़ा पुत्री रिक्की अरोड़ा सोमवार सुबह कार से अपने घर से देहरादून जा रहे थे। करीब पांच बजे दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर पर गांगनौली के अवैध कट के निकट अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी।
थोड़ी देर बाद ही मौके पर राहगीर एकत्र हो गए। कार से घायल युवक और युवती को निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने युवती को मृत घोषित किया तथा आदित्य चोपड़ा काे प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
उधर दोघट थाना प्रभारी केवल सिंह का कहना है कि हादसा किस वाहन से हुआ है, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। युवती और युवती के स्वजन को हादसे के जानकारी दे दी गई है।
जर्मनी में रहते हैं युवती के पिता
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक शहरा अरोडा के पिता रिक्की अरोड़ा जर्मनी में रहकर कारोबार करते हैं। आदित्य चोपड़ा दिल्ली में उनका पड़ोसी है।
पत्नी से हुए विवाद में युवक ने खुद को गोली मारी
बागपत : पत्नी से हुए विवाद में खुद को पेट में गोली मारने वाले युवक के विरुद्ध पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसका आपरेशन हुआ। वह आइसीयू में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर बनी है।
बागपत के ईदगाह मोहल्ला निवासी 27 वर्षीय अफजाल ने शनिवार रात करीब नौ बजे घर पर ही तमंचे से खुद को पेट में गोली मार ली थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिला अस्पताल से रेफर करने के बाद स्वजन ने दिल्ली के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिस्टी हास्पिटल में भर्ती कराया था। उसके ममेरे भाई एडवोकेट फुरकान खान का कहना है कि अफजाल का रविवार सुबह चिकित्सकों ने आपरेशन किया।
चिकित्सक द्वारा गोली निकाली गई या पहले ही निगल चुकी है, इसका पता बाद में चलेगा। फिलहाल अफजाल आइसीयू में भर्ती है, जिसकी हालत गंभीर बनी है। उधर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल का कहना है कि इस मामले में अफजाल के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। उसके परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। हर बिंदु पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
