विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत: कोर्ट में तारीख से चार दिन पहले महिला का कत्ल, सैनिक पति समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज; कश्मीर में तैनात है आरोपित

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 24 Oct 2026 07:10 PM (IST)

Baghpat News: अदालत में तारीख से चार दिन पहले एक महिला की हत्या कर दी गई, जिसका शव बागपत के ...और पढ़ें

रुबीना का फाइल फोटो, आरोपित अलीसान। सौ. मृतक महिला के स्वजन

रुबीना का फाइल फोटो, आरोपित अलीसान। सौ. मृतक महिला के स्वजन

HighLights

  1. बागपत के वाजिदपुर में गन्ने के खेत से शव बरामद।

  2. काॅल और वाट्सएप मैसेज कर बुलाने का आरोप।

जागरण संवाददाता,  बड़ौत (बागपत)। अदालत में तारीख से चार दिन पहले महिला की हत्या कर दी गई। गुरुवार रात हुई घटना के बाद शनिवार सुबह गांव वाजिदपुर में गन्ने के खेत से महिला का शव बरामद हुआ। मृतका के गले पर निशान थे और शरीर नीला पड़ा था। मृतका के भाई ने सेना में तैनात पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

गांव आसिफपुर खड़खड़ी निवासी इरफान ने अपनी बेटी रुबीना की शादी तीन साल पहले मुजफ्फरनगर के पुरबालियान गांव निवासी अलीशान के साथ की थी। अलीशान सेना में जवान है और कश्मीर में तैनात है। 26 वर्षीय रुबीना की मां तसमीना ने बताया कि शादी के ढाई महीने बाद ही ससुराल वालों ने मारपीट कर रुबीना को घर से निकाल दिया था।

समझौते के बाद अलीशान उसे दोबारा अपने साथ ले गया, लेकिन छह महीने बाद फिर मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद उसकी बेटी करीब दो साल से मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया, जो करीब दो वर्ष का है। रुबीना और उसके पति के बीच दहेज विवाद को लेकर अदालत में मामला विचाराधीन है।

26 अक्टूबर को सुनवाई होनी है, जिसमें रुबीना को खर्च देने के मामले पर विचार होना है। पारिवारिक विवाद के बावजूद दोनों के बीच मोबाइल फोन और वाट्सएप पर बातचीत होती रहती थी। तसमीना ने बताया कि अलीशान छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। उसने गुरुवार को बड़ौत पहुंचकर रुबीना को फोन और वाट्सएप संदेश के जरिए गांव बिजरौल बुलाया था।

इसके बाद रुबीना घर नहीं लौटी। शाम छह बजे तक बेटी के वापस नहीं आने पर तसमीना ने अलीशान को फोन किया। उसने यह कहकर बात टाल दी कि रुबीना वहां से चली गई थी और उसे नहीं पता कि वह कहां गई है। स्वजन ने उसी दिन रुबीना के लापता होने की जानकारी पुलिस चौकी पर दी गई थी। शुक्रवार को रुबीना की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला।

शनिवार सुबह नौ बजे किसानों ने वाजिदपुर में सतपाल के गन्ने के खेत में रुबीना का शव देखा। सूचना पर पुलिस व स्वजन पहुंचे। शव के गले पर निशान और कई जगह से शरीर नीला पड़ने के कारण जहर देकर व गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

इंस्पेक्टर क्राइम वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रुबीना के भाई आजाद ने पति अलीशान, सास बलीस, देवर सुहेल, ननद फहीना व अमर तथा अलीशान के मामा जुबेद्दीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।