नाबालिग निकली वायरल गर्ल मोनालिसा, इसके बाद क्या बोले उससे शादी करने वाले फरमान के पिता ?
वायरल गर्ल के नाम से फेमस मोनालिसा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति आयोग की जांच में नाबालिग बताई गई है। उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी फरमान ने उससे शादी ...और पढ़ें

फरमान और मोनालिसा का फाइल फोटो, फरमान के पिता जाफर
HighLights
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच में हुई मोनालिसा के नाबालिग होने की पुष्टि।
मोनालिसा से शादी करने वाला फरमान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव पलड़ा का है निवासी।
संवाद सूत्र, दाहा (बागपत)। वायरल गर्ल के नाम से फेमस मोनालिसा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST)की जांच में नाबालिग निकली है। दावा किया गया है कि केरल में फरमान संग विवाह के समय उसकी उम्र 18 वर्ष से कम थी। उससे शादी करने वाले बागपत जिले के पलड़ा गांव के फरमान के खिलाफ मध्यप्रदेश में मुकदमा दर्ज हो गया है। इस पर फरमान के स्वजन का कहना है कि फरमान ने उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई है।
पलड़ा निवासी जाफर के बेटे फरमान ने मोनालिसा से गत 11 मार्च को शादी की थी। हिंदू संगठनों ने इसे लव जिहाद की संज्ञा दी थी। फरमान मुंबई में काम करता है। फरमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी उसके स्वजन को मीडिया में चल रही खबरों से मिली। फरमान का परिवार इस मामले से पल्ला झाड़ने लगा।
उनका कहना है कि फरमान ने गैर धर्म में शादी की है। इस बात से ही पूरा परिवार उससे नाराज चल रहा है। जिस दिन उसकी शादी की जानकारी मिली थी उसी दिन से परिवार के लोग फरमान से कोई संबंध नहीं रख रहे हैं। फरमान के पिता जाफर ने कहा कि 'गांव एवं क्षेत्र में उनका जो सम्मान है, फरमान ने उसे ठेस पहुंचाई है। उसे शादी ही करनी थी तो अपनी बिरादरी में करता।'
उन्होंने बताया कि फरमान छह माह पहले गांव आया था। फरमान के चचेरे भाई समद ने बताया कि उसके साथ वहां क्या चल रहा है इसकी स्वजन को कोई जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया से उन्हें फरमान पर मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिल रही है। फरमान से कोई संपर्क नहीं किया और न ही उसने कोई संपर्क स्वजन से किया है। फरमान के घर में मां खातून, पिता जाफर, भाई फिरोज, कुर्बान, रिजवान व चार बहनें हैं।