नेशनल खिलाड़ी से रेलवे में नौकरी के नाम पर चार लाख ठगे, एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ बागपत में मुकदमा दर्ज
Baghpat News : बागपत निवासी राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी शुभम राणा से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये ठगे गए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ ध ...और पढ़ें

HighLights
राष्ट्रीय स्तर पर शुभम कुश्ती में जीत चुके हैं सात मेडल।
रकम वापस मांगी तो दी जान से मारने की धमकी।
संवाद सूत्र, दाहा (बागपत)। निरपुड़ा गांव में कुश्ती के नेशनल खिलाड़ी से रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर चार लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया गया। फर्जीवाड़े का राजफाश होने पर जब खिलाड़ी ने रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने खिलाड़ी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
निरपुड़ा निवासी शुभम राणा राष्ट्रीय स्तर के कुश्ती खिलाड़ी हैं। शुभम ने तीन स्वर्ण समेत सात पदक जीते हैं। शुभण राणा की ओर से दोघट थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि उन्हें गांव के ही मोहम्मद हुसैन अंसारी ने बताया कि उसके भाई मोहसिन के हरियाणा के कुछ लोगों से घनिष्ठ संबंध हैं, जो रेलवे में उनकी नौकरी लगवा देंगे।
इसके लिए उन्हें चार लाख रुपये सिक्योरिटी के रूप में देने होंगे, जो तीन वर्ष बाद वापस मिल जाएंगे। शुभम उनके झांसे में आ गए और यह बात अपने पिता को बताई। जब उसके पिता ने उनसे बात की तो उन्होंने पक्का भरोसा दिया। इसके बाद अशोक राणा ने 27 मार्च 2022 को हुसैन अंसारी के खाते में 44 हजार रुपये डाल दिए, जबकि 14 जून को तीन लाख अपने घर पर हुसैन को दिए।
कुल रकम चार लाख चार हजार रुपये दी गई। इसके बाद शुभम के पास डाक द्वारा एक नियुक्ति पत्र पहुंचा, जिसमें मध्य रेलवे बेसिक ट्रेनिंग सेंटर डमला यमुनानगर हरियाणा पर ट्रेनिंग के लिए 15 से 20 जून तक आमद कराने की जानकारी दी गई थी।
खबरें और भी
जब वह तय समय पर वहां पहुंचे तो वहां पहले से ही हुसैन अंसारी व उसका भाई मोहसिन खड़े मिले तथा उससे कहा कि नियुक्ति पत्र तो आपको मिल ही गया है, लेकिन ट्रेनिंग किन्हीं कारणवश अभी स्थगित हो गई है। इस दौरान उन्हें ठगे जाने की जानकारी हुई। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उनसे गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी गई।
थाना प्रभारी दोघट केवल सिंह ने बताया कि शुभम राणा की तहरीर पर मोहम्मद हुसैन अंसारी, मोहसिन, अब्दुल रहमान व अब्दुल रहमान की पत्नी हसीबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।