13 लोगों की जान जाने का इंतजार कर रहा था NHAI, अब गूगल मैप से हटाए गए बंद यूटर्न, लेकिन माल वाहक वाहनों में सफर जारी
Baghpat News: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर 13 लोगों की मौत के बाद एनएचएआई ने गूगल मैप से सभी बंद यूटर्न ...और पढ़ें

हादसे के बाद भी बागपत में दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर माल वाहक वाहन में सफर करते दिखाई दिए लोग। जागरण
HighLights
बागपत में गूगल मैप से रास्ता दिखाने के कारण बंद यूटर्न के पास हुआ था हादसा।
अब गूगल मैप पर गाजियाबाद से हरियाणा तक के सभी यूटर्न दिखाई देने बंद।
संवाद सहयोगी, खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर अगर एनएचएआइ ने समय रहते कदम उठा लिए होते और बंद यूटर्न को गूगल मैप से हटवा दिया होता तो हादसे में मारे गए 13 लोगों की जान बच सकती थी। अब हादसे के तीसरे दिन मंगलवार को एनएचएआइ ने गूगल मैप से ऐसे सभी यूटर्न हटवा दिए हैं।
सिर्फ दुहाई, मवीकलां और कुंडली इंटरचेंज ही रास्ता बदलने के लिए गूगल मैप पर दिखाई दे रहे हैं। जाखौली टोल के साथ आपातकालीन यूटर्न भी दिखाई देने बंद हो गए हैं। हालांकि हादसे के बाद भी बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लोग माल वाहक वाहनों में सफर करते दिखाई दे रहे हैं।
रविवार रात ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास गूगल मैप से रास्ता दिखाने के कारण यूटर्न पर मुड़ने के लिए पिकअप वाहन को मोड़ते समय पीछे से आए ट्रक की टक्कर से पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। 13 लोगों की मौत हो गई थी।
हादसे में घायल व अन्य तमाम लोग यही कह रहे थे कि अगर एनएचएआइ ने ईपीई के बंद कराए यूटर्न को गूगल से हटवा दिया होता तो हादसा टल सकता था। हादसे के तीसरे दिन एनएचएआइ अधिकारियों की नींद टूटी और गूगल से बंद यूटर्न का रास्ता हटवा दिया गया। अब गाजियाबाद से हरियाणा तक के सभी यूटर्न दिखाई देने बंद हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- बागपत हादसा: रामेश्वर यादव के अंतिम शब्द थे... मुझे बचा लो, कोई गाड़ी में ले चलो; किराया दे दूंगा
हालांकि जाखौली टोल के पास दोनों यूटर्न खुले हैं, लेकिन गूगल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। गूगल पर गाजियाबाद का दुहाई, बागपत का मवीकलां और हरियाणा में दिल्ली-अंबाला हाईवे पर पड़ने वाले इंटरचेंज पर ही एक्सप्रेसवे के मार्ग को बदलने को यूटर्न दिखाई दे रहे हैं।
