Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राहुल गांधी का बागपत दौरा स्थगित, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, खाप चौधरियों और किसान नेताओं ने सत्यपाल मलिक को किया नमन

    By Robin Yadav Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Wed, 05 Aug 2026 01:23 PM (IST)

    पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक की पहली पुण्यतिथि बागपत के हिसावदा गांव में किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाई गई। इसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आगमन ...और पढ़ें

    राहुल गांधी का फाइल फोटो, पूर्व राज्यपाल स्व. सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मंचासीन नेता और अन्य।

    राहुल गांधी का फाइल फोटो, पूर्व राज्यपाल स्व. सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मंचासीन नेता और अन्य।

    HighLights

    1. पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक की पहली पुण्यतिथि पर हो रहा आयोजन।

    2. बागपत के हिसावदा गांव में किसान सम्मान दिवस का आयोजन।

    संवाद सूत्र, अमीनगर सराय (बागपत)। पूर्व राज्यपाल स्व. सत्यपाल मलिक की पहली पुण्यतिथि पर बुधवार को उनके पैतृक गांव हिसावदा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं, किसान संगठनों और खाप प्रतिनिधियों ने उन्हें किसानों का निर्भीक और सत्यवादी नेता बताते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रस्तावित दौरा अंतिम समय में स्थगित हो गया।

    सुबह नौ बजे स्व. सत्यपाल मलिक की पुश्तैनी हवेली पर हवन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद पुठड़ चौपले के निकट आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सत्यपाल मलिक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। आयोजकों ने उनकी पुण्यतिथि को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां भी की थीं, लेकिन बाद में उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया।

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वह सत्यपाल मलिक को मेरठ कॉलेज के समय से जानते थे। उन्होंने चौधरी चरण सिंह के साथ राजनीतिक सफर शुरू किया और जीवनभर किसानों की आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि किसानों को एमएसपी की लड़ाई लड़नी होगी, यही सत्यपाल मलिक को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

    उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सत्यपाल मलिक ने हमेशा किसानों, युवाओं और लोकतंत्र के पक्ष में आवाज उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को एमएसपी, युवाओं को रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि सत्यपाल मलिक ने पुलवामा और कश्मीर के कथित भ्रष्टाचार जैसे मामलों पर भी सवाल उठाए तथा उनके मुद्दों को कांग्रेस आगे बढ़ाएगी।

    खबरें और भी

    लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील चौधरी ने कहा कि सत्यपाल मलिक ने सत्ता में रहते हुए भी सच बोलने का साहस दिखाया। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह, भाकियू (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम चढूनी और भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने भी उन्हें किसानों का सच्चा हितैषी बताते हुए उनके संघर्ष को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

    सभा में दादा आजाद मलिक, सुभाष खोकर, अनिल देशवाल, सोमेंद्र ढाका, अहमद हमीद, निर्मल चौधरी, नरेंद्र पाल वर्मा, चौधरी रामकुमार, तरुण पटेल, सरदार वीएम सिंह, पूर्व मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, किसान संगठनों और खापों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।