'DGP साहब के दोस्त से बदमाश सोना लेकर भाग गए हैं...' ऐसा कहते हुए ड्रामा रचकर चौकी इंचार्ज से कर ली ऑनलाइन ठगी
Baghpat News : बागपत में साइबर अपराधियों ने खुद को एसपी क्राइम मुख्यालय बताकर ललियाना चौकी इंचार्ज एसआई अमित कुमार से ऑनलाइन ठगी की। पुलिस ने मामला दर ...और पढ़ें

चौकी इंचार्ज अमित कुमार
HighLights
एसपी क्राइम लखनऊ मुख्यालय के बात करने का किया नाटक।
बागपत साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस।
जागरण संवाददाता, बागपत। साइबर अपराधी पुलिस को भी नहीं बख्श रहे हैं। एसपी क्राइम (मुख्यालय) बताकर ललियाना चौकी इंचार्ज एसआइ अमित कुमार पर खूब रौब गालिब किया गया। डीजीपी के घनिष्ठ मित्र से सोना लूटने वाले बदमाश को पकड़ने के बहाने 25 हजार रुपये की साइबर ठगी कर गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित एसआइ अमित कुमार ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनके मोबाइल पर पांच अप्रैल को कंट्रोल रूम बागपत से फोन आया था कि आपसे एसपी क्राइम मुख्यालय लखनऊ आवश्यक बात करना चाहते हैं। आरोप है कि बताए गए वाट्सएप नंबर पर काॅल की तो परिचय देने के बाद आरोपित ने खुद को एसपी क्राइम बताते हुए कहा कि डीजीपी के घनिष्ठ मित्र सोना कारोबारी हैं, जिनसे दो-लोग तीन किलोग्राम सोना लेकर भाग गए हैं।
इनमें से एक व्यक्ति को हमारी टीम ने शामली से पकड़ लिया है तथा दूसरा आपके चौकी क्षेत्र में एक मंदिर के पास बाइक लेकर खड़ा हुआ है। मेरी उस व्यक्ति से लगातार सोना खरीदने की बात हो रही है। उससे मैंने खुद को स्थानीय बताया है, लेकिन आरोपित बोल रहा है कि अग्रिम कुछ रुपये खाते में डाल दो। मैं स्थानीय आदमी से ही पैसे डलवाना चाहता हूं, इसलिए आप किसी स्थानीय आदमी से 25 हजार रुपये, भेजे गए बार कोड पर डलवा देना।
पीड़ित ने बताया कि इस तरह बात की गई, जैसे कोई पुलिस अधिकारी ही बात कर रहा हो। इसके बाद उसने जानकार शौकीन से भेजे गए बार कोड पर 20 हजार रुपये ट्रांसफर करा दिए। फिर काल आने पर पांच हजार रुपये और भेजे गए। बाद में उक्त मोबाइल स्विच आफ हो गया। इसके बाद धोखाधड़ी का पता चला। उधर, एएसपी प्रवीण सिंह चौहान का कहना है कि आरोपितों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।