बागपत वालों के लिए अच्छी खबर: टटीरी रेलवे ओवरब्रिज से वाहनों के संचालन की तारीख तय, जाम से मिलेगी राहत
बागपत के टटीरी स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर छोटी दीपावली से वाहनों का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

HighLights
विद्युत पोल लगाने और रोड मार्किंग का कार्य अंतिम चरण में।
सांसद और विधायक की मौजूदगी में होगा उद्घाटन।
संवाद सूत्र, अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बा टटीरी स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर वाहन संचालन शुरू होने का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 7 नवंबर को छोटी दीपावली पर्व पर सांसद और विधायक की मौजूदगी में ओवरब्रिज पर वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे ओवरब्रिज चालू होने से क्षेत्रवासियों को जाम से राहत का तोहफा मिलेगा।
गुरुवार को कस्बा टटीरी स्थित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। एनएचएआइ की ओर से विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं, जबकि कार्यदायी संस्था की ओर से रोड मार्किंग का कार्य किया जा रहा है। ओवरब्रिज शुरू होने की संभावना से व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। कस्बा टटीरी के पूर्व चेयरमैन विनोद कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज चालू होने से टटीरी कस्बे और आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों का समय बचेगा तथा आवागमन सुगम होगा। वहीं ग्राम बली के समाजसेवी प्रदीप बली ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज का चालू होना क्षेत्रवासियों के लिए दीपावली पर किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।
यह भी पढ़ें- Delhi-Saharanpur Highway पर गुफा वाले बाबा के मंदिर और बागपत में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, यह है पूरा रूट प्लान
इस संबंध में कार्यदायी संस्था के कंपनी इंजीनियर सुनील झा ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण का कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। विद्युत पोल लगाने और रोड मार्किंग का कार्य जारी है। ओवरब्रिज चालू कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई है। निर्णय लिया गया है कि शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे सांसद और विधायक की मौजूदगी में वाहनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।