हाईवे पर ट्रक से टकराई बाइक, MP और झारखंड के दो छात्रों की मौत; देहरादून से लौट रहे थे दिल्ली
Baghpat News : बागपत में मेरठ-बागपत-सोनीपत हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। यमुना पुल के पास ट्रक से बाइक टकराने से एमबीए के दो छात्रों की मौत हो गई। छा ...और पढ़ें

मयंक और पार्थ के फाइल फोटो -
- आरोपित चालक ट्रक को लेकर हुआ फरार
HighLights
एमबीए के छात्र देहरादून से दिल्ली लौट रहे थे।
आरोपित ट्रक चालक मौके से फरार, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बागपत। मेरठ-बागपत-सोनीपत हाईवे स्थित निवाड़ा गांव के यमुना पुल के पास अचानक ब्रेक लगाने से ट्रक से एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एमबीए के दो छात्रों की मौत हो गई। वह अपने दो साथियों के साथ छुट्टी में घूमने के लिए दिल्ली से बाइक से उत्तराखंड गए थे। आरोपित चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया।
नोएडा के निकट एडब्ल्यूएचओ काम्प्लेक्स निवासी 24 वर्षीय अर्जुन सिंह तेवतिया ने बताया वह दिल्ली के द्वारका स्थित फर्स्ट टाइम बिजनेस स्कूल में एमबीए (प्रथम वर्ष) का छात्र है। वह अपने स्कूल के साथी 22 वर्षीय पार्थ जिंदल पुत्र राकेश जिंदल निवासी बंगला नंबर-30, वार्ड-33 जनपद नीमच (मध्य प्रदेश), 24 वर्षीय मयंक नारायण गांगे सरिया पुत्र नारायण प्रसाद गांगे सरिया निवासी फ्लैट नंबर-306, जयप्रकाश नगर बरटाड जनपद धनबाद (झारखंड) और 24 वर्षीय देवराज राय पुत्र हरेंद्र कुमार राय निवासी कानपुर रोड निकट 32 बटालियन पीएसी लखनऊ के साथ गत 25 जनवरी को किराए पर दो बाइक लेकर उत्तराखंड घूमने गए थे।
मंगलवार रात देहरादून से वापस दिल्ली लौटते समय करीब दो बजे गौरीपुर मोड़ और यमुना पुल के बीच पहुंचने पर आगे चल रहे एक ट्रक के अचानक ब्रेक लगने से उनकी एक बाइक टकरा गई। इसको साथी मयंक नारायण चल रहे थे और पार्थ जिंदल पीछे बैठे हुए थे। ये दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिनकी मदद से घायल साथियों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा. गौरव पंवार ने छात्र मयंक को मृत घोषित कर दिया तथा पार्थ जिंदल को जीटीबी अस्पताल दिल्ली के लिए रेफर किया। देवराज राय घायल साथी पार्थ जिंदल को दिल्ली के अस्पताल लेकर गए।
खबरें और भी
उनकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कोतवाली इंस्पेक्टर रामकुमार कुमार कुंतल का कहना है कि ट्रक की चपेट में आने से दो छात्रों की मृत्यु हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
भट्ठा कारोबारी के घर का बुझ गया चिराग
नारायण प्रसाद गांगे ईंट भट्ठा कारोबारी हैं। उनकी बड़ी बेटी निकिता गांगे सरिया बेंगलुरु में नौकरी करती है। एक बेटा मयंक था। घटना से स्वजन गमजदा हैं।