बहराइच के कतर्नियाघाट घड़ियाल सेंटर पहुंचा 40 हाथियों का झुंड, बाउंड्रीवॉल और सरकारी आवास तोड़े
बहराइच के कतर्नियाघाट स्थित घड़ियाल सेंटर पर 40 हाथियों के झुंड ने हमला कर कर्मचारियों के आवास की बाउंड्रीवॉल और मुख्य गेट तोड़ दिया।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
घड़ियाल सेंटर पर 40 हाथियों का दल पहुंचा।
कर्मचारियों के आवास की बाउंड्रीवॉल और गेट तोड़ा।
वन कर्मियों ने हाथियों को जंगल में खदेड़ा।
संवाद सूत्र, बहराइच। घड़ियाल सेंटर पर 40 हाथियों का दल पहुंच गया। हाथियों ने कर्मचारियों के लिए बने आवास को तोड़ दिया। इंटरलाकिंग पर हाथी घूमते नजर आए। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने हाथियों को हांका लगाकर जंगल की ओर भगाया। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के घड़ियाल सेंटर पर 40 हाथियों का दल रविवार देर शाम को पहुंच गया। हाथियों के दल ने पहले सरकारी आवास की बाउंड्रीवॉल को धक्का देकर गिरा दिया।
गनीमत रही कि उस समय कोई स्टाफ आवास पर मौजूद नहीं था, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद हाथियों ने सरकारी कर्मचारियों के लिए बने आवास के मुख्य गेट को तोड़ दिया।
सूचना पर वन कर्मी मौके पर पहुंच गए। सभी ने हांका लगाकर व प्रकाश करके हाथियों को जंगल की ओर भगाया। कुछ देर में सभी हाथी वहां से चले गए। सूचना पर रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि जंगल इलाके में हाथियों की आमद है। ऐसे में ग्रामीण सतर्क रहें। हो सकता है कि हाथी आबादी में भी पहुंच जाएं। सतर्कता बरतने से ही नुकसान को कम किया जा सकता है।
