विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Baba Siddique Murder: धर्मराज-शि‍वा के अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की जांच शुरू, मुंबई पुलिस, STF और ATS ने बहराइच में डाला डेरा

Published: Mon, 14 Oct 2024 09:30 AM (IST)

धर्मराज कश्यप की गिरफ्तारी के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीमों को सक्रिय किया ...और पढ़ें

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपित शिवा गौतम (बाएं) व धर्मराज (दाएं) और बाबा सिद्दीकी (फाइल फोटो)।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपित शिवा गौतम (बाएं) व धर्मराज (दाएं) और बाबा सिद्दीकी (फाइल फोटो)।

जागरण टीम, लखनऊ। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या (Baba Siddique Murder) में शामिल शूटर बहराइच निवासी धर्मराज कश्यप व शिवा गौतम के अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन की छानबीन शुरू की गई है। धर्मराज कश्यप की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस, एसटीएफ और एटीएस की टीमों ने बहराइच में डेरा डाला है। धर्मराज व शिवा का आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। दोनों के तीन दोस्तों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। दोस्तों के खातों में बीते दिनों बड़ी रकम भेजे जाने की बात सामने आ रही है।

धर्मराज कश्यप व शिवा गौतम बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र के गंडारा गांव के निवासी हैं। उनके परिवारीजन का कहना है कि कुछ महीने पहले ही वे काम के लिए पुणे गए थे। हत्याकांड में उनके नाम आने से स्वजन हतप्रभ हैं। धर्मराज की उम्र को लेकर साक्ष्य तलाशे जा रहे हैं, क्योंकि उसके नाबालिग होने की बात सामने आई थी। वह पांचवीं तक पढ़ा है। सोमवार को उसके स्कूल में दस्तावेज देखे जाएंगे।

एक के प‍िता बेचते हैं मछली तो दूसरे के प‍िता करते हैं मजदूरी

धर्मराज के पिता मछली बेचते हैं, शिवा के पिता मजदूरी करते हैं। एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि आरोपितों का आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। दोनों ही किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े होने की आशंका है, क्योंकि धर्मराज ने पेशेवर की तरह गोलियां चलाई थीं।

धर्मराज कश्यप की गिरफ्तारी के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीमों को सक्रिय किया गया है। हालांकि अभी धर्मराज व शिवा का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों प्रदेश के किसी बड़े गिरोह से जुड़े थे। मुंबई में उन्हें किसकी मदद से मोहरे की तरह इस्तेमाल किया गया। वारदात में गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का नाम आने के बाद एटीएस ने भी छानबीन तेज की है।

एक महीन से अधि‍क समय से मुंबई में थे हत्‍यारे!

बाबा सिद्दीकी के हत्या आरोपित एक महीने से अधिक समय से मुंबई में थे और बाबा व उनके पुत्र जीशान सिद्दीकी से जुड़े विभिन्न स्थानों का रेकी कर रहे थे। सूत्रों का कहना है कि इन शूटर्स को बाबा सिद्दीकी के साथ-साथ जीशान को भी मारने का निर्देश दिया गया था। मामले की जांच मुंबई पुलिस की वसूली निरोधक शाखा कर रही है।

तीसरे आरोपी की ग‍िरफ्तारी

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने फेसबुक पर बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले शुभम लोनकर के 28 वर्षीय भाई प्रवीण लोनकर को पुणे से गिरफ्तार किया है। इन दोनों भाईयों ने मिलकर धर्मराज कश्यप और शिवकुमार गौतम को साजिश में शामिल किया था।

यह भी पढ़ें: Baba Siddique मर्डर केस में हुई तीसरी गिरफ्तारी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है कनेक्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।