बहराइच में बाढ़ में भी नहीं थमी पढ़ाई, पानी में डूबा विद्यालय तो ट्रैक्टर- ट्रॉली से स्कूल पहुंचे बच्चे
बहराइच के जंगल गुलरिहा स्थित प्राथमिक विद्यालय धरमपुर रेतिया में बाढ़ का पानी भर जाने से बच्चों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से ...और पढ़ें

ट्रैक्टर ट्रॉली से स्कूल जाते बच्चे।
HighLights
बाढ़ से धरमपुर रेतिया प्राथमिक विद्यालय जलमग्न, पढ़ाई बाधित।
बच्चों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से धनियाबेली स्कूल पहुंचाया गया।
वैकल्पिक व्यवस्था से बाढ़ में भी शिक्षा निरंतर जारी।
संवाद सूत्र, बिछिया (बहराइच)। सुजौली के ग्राम पंचायत जंगल गुलरिहा स्थित प्राथमिक विद्यालय धरमपुर रेतिया में बाढ़ का पानी भर जाने से विद्यालय का संचालन प्रभावित हो गया है। स्कूल परिसर जलमग्न होने के कारण बच्चों के लिए वहां पहुंचना मुश्किल हो गया था। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ट्रैक्टर ट्रॉली से दूसरे विद्यालय में बच्चों को शिफ्ट किया गया है।
विद्यालय प्रशासन और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिव कुमार के सहयोग से विद्यार्थियों को ट्रैक्टर ट्रॉली के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर स्थित प्राथमिक विद्यालय धनियाबेली पहुंचाया गया। वहीं पर कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया गया है।
बाढ़ की चुनौती के बीच यह व्यवस्था बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में सहायक साबित हो रही है। शिक्षकों ने बताया कि परिस्थितियां सामान्य होने तक धनियाबेली में ही शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से चलती रहे।
