विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहराइच में बकरी का शिकार करते ही पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, सगे भाइयों पर भी किया था हमला

Published: Sun, 06 Sep 2026 04:03 PM (IST)

बहराइच के शिवपुर में एक सप्ताह से आबादी में घूम रहा तेंदुआ बकरी का शिकार करते समय पिंजरे में कैद ...और पढ़ें

बकरी का शिकार करते ही पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ।

बकरी का शिकार करते ही पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ।

HighLights

  1. शिवपुर में एक सप्ताह से घूम रहा था तेंदुआ।

  2. बकरी का शिकार करते समय पिंजरे में कैद हुआ।

  3. वन विभाग ने तेंदुए को स्वस्थ पाया, जंगल में छोड़ा जाएगा।

संवाद सूत्र, शिवपुर (बहराइच)। आबादी में एक सप्ताह से विचरण कर रहा तेंदुआ रविवार सुबह बकरी का शिकार करने के चक्कर में पिंजरे में कैद हो गया। उसे रेंज कार्यालय लाया गया। स्वास्थ्य जांच में तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है। उच्चाधिकारियों के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।

बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज के गांवों में कई दिनों से तेंदुआ आबादी में दस्तक दे रहा था। पालतू मवेशियों का शिकार करने के साथ आम लोगों पर भी हमला कर रहा था। वन विभाग की जांच के बाद नेवादा पुरे कस्बाती में वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाया गया था। पिंजरे में बकरी बांधी गई।

वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्त के अनुसार मौके पर वन विभाग की टीम निगरानी के लिए लगाई गई थी। सुबह करीब छह बजे तेंदुआ पिंजड़े में बंधी बकरी का शिकार करने के लिए अंदर घुसा और कैद हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग की टीम तेंदुए को रेंज कार्यालय ले आई।

पशु चिकित्साधिकारी शिवपुर डॉ. मनोज वर्मा और उनकी टीम ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वन विभाग के अनुसार तेंदुआ मादा है और उसकी उम्र करीब तीन से चार वर्ष है। परीक्षण में तेंदुआ स्वस्थ पाया गया। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। वनक्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव, लखनऊ की अनुमति मिलने के बाद तेंदुए को उसके नए प्राकृतिक वास स्थल में छोड़ा जाएगा।

कुत्ते का बताया था हमला

एक सप्ताह पूर्व गांव में सोते समय सगे भाई पर जंगली जीव ने हमला कर दिया था। घायलों का इलाज हुआ था। वन क्षेत्राधिकारी ने इस हमले को कुत्ता या सियार का हमला बताया था, लेकिन तेंदुआ के पकड़े जाने से बयान को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

हाल में पकड़े गए तेंदुए

  • छह सितंबर को नानपारा कस्बाती में तेंदुआ पिंजरे में कैद।
  • एक सितंबर को ककरहा रेंज के महबूबनगर गांव में तेंदुआ पिंजरे में कैद।
  • 31 अगस्त को सुजौली रेंज के बाजार टोला में तेंदुआ पिंजरे में कैद।
  • 30 अगस्त को ककरहा रेंज के राम सहायपुरवा में पिंजरे में हुआ कैद।
  • 25 अगस्त को मोतीपुर के गुलरिया जगतापुर में तेंदुआ पिंजरे में हुआ कैद।
  • 13 अगस्त को हरदी के बाजपेईपुरवा में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ।
  • 11 अगस्त को मोतीपुर रेंज के दौलतपुर गांव में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ।
  • 05 जुलाई को सुजौली रेंज के त्रिलोकीगौढ़ी में लगे पिंजरे में फंसा तेंदुआ।
  • 31 जुलाई को ककरहा रेंज के गांव में पिंजरे में भी कैद हुआ तेंदुआ।
  • 20 जुलाई को ककरहा रेंज के अहिरनपुरवा में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ।