बहराइच में सड़क हादसों में छात्र समेत तीन की मौत, पांच लोग हुए घायल
बहराइच में अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्र और एक श्रमिक सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बहराइच में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत।
मृतकों में एक नौ वर्षीय छात्र और एक श्रमिक शामिल।
पांच अन्य लोग घायल, कई घटनाओं में साइकिल सवार प्रभावित।
जागरण टीम, बहराइच। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में छात्र व श्रमिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरदी इलाके के महसी टेपरा निवासी नौ वर्षीय मंजीत कुमार बुधवार सुबह कस्बे में स्थित विद्यालय साइकिल से पढ़ने जा रहे थे। सिंगिया नसीरपुर गांव के पास कार सवार ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दिया। इसमें छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी रमपुरवा भेजा। यहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इलाके के बैसनपुरवा निवासी 25 वर्षीय सूरज सिंह व महीपतपुरवा निवासी 22 वर्षीय दीपक सिंह बाइक से जा रहे थे। बहराइच-सीतापुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया।
वहीं नवाबगंज इलाके के अलीनगर खुर्द के जगन्नाथपुर फुटहा निवासी 50 वर्षीय गुरुवचन अपने बहनोई मिर्जापुर तिलक के कहारनपुरवा निवासी कंधईलाल के यहां गए थे। मंगलवार शाम साइकिल से वह वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब्दी गांव के पास बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जांच की जा रही है।
पयागपुर : बहराइच-गोंडा मार्ग पर विद्युत उपकेंद्र के निकट सुबह गोंडा से आ रही रोडवेज बस पर नीम का पेड़ गिर गया। बस चालक दिनेश कुमार ने बस को एक साइड में रोक कर यात्रियों को आपातकालीन खिड़की से बाहर निकाला। डाल गिरने से तीन यात्री चोटिल हो गए। यात्रियों को दूसरी बस से जिला मुख्यालय भेजा गया।
हुजूरपुर : बसंतपुर निवासी 30 वर्षीय मंगल शनिवार को मजदूरी कर वापस साइकिल से गांव लौट रहे थे। पेट्रोल पंप के पास साइकिल सवार श्रमिक को स्कूटी सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी चिरैयाटांड से मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मौत हो गई।
