बहराइच में बाघ का आतंक: खेतों में काम कर रहे दो ग्रामीणों पर किया हमला, मची चीख-पुकार
उत्तर प्रदेश के बहराइच में बाघ का आतंक जारी है। बाघ ने खेतों में काम कर रहे दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इससे पहले बुधवा ...और पढ़ें
-1766647815057_m.webp)
बाघ के हमले में घायल ग्रामीण
HighLights
बहराइच में बाघ ने दो ग्रामीणों पर किया हमला
खेतों में काम करते समय हुआ बाघ का हमला
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग को दी सूचना
जागरण संवाददाता, बहराइच। नवाबगंज इलाके के ग्राम पंचायत चनैनी में गुरुवार को बाघ के हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल लाया गया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार गांव की कुछ महिलाएं कार्यवश खेत की ओर गई थीं। इस दौरान उन्हें बाघ दिखाई पड़ा। शोर मचाने पर पास में मौजूद चनैनी निवासी राम धीरज यादव (50) एवं नागे कश्यप (35) मौके पर पहुंचे। जबतक वह कुछ समझ पाता तबतक बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए दोनों बाघ से संघर्ष कर शोर मचाने लगे। चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके की ओर हांका लगाते हुए बढ़े। इसके बाद बाघ वहां से जंगल की ओर भाग गया। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में कई बार बाघ देखा गया है। जिसकी सूचना अधिकारियों को भी दी गई है, लेकिन उसे पकड़ने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओ नानपारा राशिद जमील व रेंजर पंकज कुमार साहू वनकर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष रमाशंकर यादव ने घायलों का हाल-चाल लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
खबरें और भी
एसडीओ ने बताया कि चनैनी गांव अब्दुल्ला गंज जंगल के करीब है। इससे पहले बुधवार को भी रुपईडीहा के पचपकरी गांव में बाघ के हमले में तीन लोग घायल हो चुके थे। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत व्याप्त हो गया है।