विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bahraich Violence: रामगोपाल की पत्नी रोली का वीड‍ियो वायरल, एनकाउंटर पर उठाए सवाल; क्‍या कहा?

Published: Fri, 18 Oct 2024 09:31 AM (IST)

बहराइच में मारे गए राम गोपाल मिश्रा की पत्नी रोली म‍िश्रा का एक वीडियो सोशल मीड‍िया पर वायरल हुआ है। ...और पढ़ें

राम गोपाल मिश्रा की पत्नी का वीडियो वायरल।- स्‍क्रीन ग्रैब
राम गोपाल मिश्रा की पत्नी का वीडियो वायरल।- स्‍क्रीन ग्रैब

जागरण टीम, बहराइच। बहराइच में प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान गोलीकांड में मारे गए राम गोपाल मिश्रा की पत्नी रोली म‍िश्रा का एक वीडियो सोशल मीड‍िया पर वायरल हुआ है। इस वीड‍ियो में रोली ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रोली देवी कह रही हैं क‍ि उनके पति की चार दिन पहले हत्या हुई है। वह न्याय मांग रही हैं, लेकिन पुलिस-प्रशासन न्याय नहीं दिला पा रहा है।

वायरल वीडियो में रोली ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा क‍ि आरोपियों को पकड़ा जरूर गया है, लेकिन मारा नहीं गया है। उनका कहना है कि हम लोगों को दिखा दिया गया है क‍ि पैर पर गोली मारी गई है। पुलिस प्रशासन इंसाफ नहीं कर रहा है। कहा कि पुलिस प्रशासन हमारा साथ नहीं दे रहा है।

दो हत्यारोपित मुठभेड़ में घायल

जागरण संवाददाता, बहराइच। महराजगंज कस्बे में प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान राम गोपाल मिश्र की हत्या के पांच आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बंदी बना लिया। इस दौरान नामजद आरोपित सरफराज समेत दो पुलिस की गोली से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दोनाली बंदूक व एक तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बहराइच हिंसा में अब तक 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कस्बे की स्थिति अब सामान्य हो रही है। इस बीच घटना में लापरवाही बरतने के लिए तहसीलदार रविकांत द्विवेदी को भी हटा दिया गया है।

महराजगंज कस्बे में रामगोपाल की हत्या 13 अक्टूबर को उस समय कर दी गई थी जब वह यात्रा पर पथराव के बाद एक घर की छत पर चढ़कर हरा झंडा उतार रहा था। हत्या के बाद 14 अक्टूबर को जिले में हिंसा फैल गई थी व आगजनी और तोड़फोड़ की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस नामजद हत्यारोपितों की तलाश में जुटी थी।

अपर महानिदेशक कानून व्यवस्था अभिताभ यश ने बताया कि बहराइच पुलिस रामगोपाल मिश्र के हत्यारों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार देर रात पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर आरोपितों के छिपे होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर नामजद आरोपित मोहम्मद सरफराज उर्फ रिंकू और मोहम्मद फहीम को दबोचा गया। इनकी निशानदेही पर नामजद अब्दुल हमीद को दबोचा गया। सर्च आपरेशन के दौरान दो अन्य मोहम्मद अफजल और मोहम्मद तालिब उर्फ बबलू को भी गिरफ्तार किया गया।

एसपी वृंदा शुक्ल ने बताया कि हत्याकांड में शामिल सरफराज और तालिब ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने नानपारा में असलहे छिपा रखे हैं। पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर एक स्थान पर जमीन में दबी दोनाली बंदूक और तमंचा बरामद कर लिया। इसी बीच सरफराज ने एक पुलिसकर्मी से तमंचा छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं जिसमें सरफराज व तालिब के पैरों में गोली लगी। डाक्टरों की टीम दोनो का उपचार कर रही है।

महराजगंज में हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में अब तक 58 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 10 हिरासत में हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में अब तक अलग-अलग 13 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। साथ ही लापरवाह सीओ रुपेंद्र गोंड को बुधवार को निलंबित करने के साथ तहसीलदार रविकांत द्विवेदी को हटा दिया गया है। हत्यारोपितों को संरक्षण देने वाले ग्राम पंचायत जोत चांदपारा के प्रधान कल्लू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बहराइच की पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ल ने बताया कि अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है। हिंसा में शामिल लोगों के साथ अफवाह फैलाने वाले, साजिश रचने वाले और आरोपितों को शरण देने वाले सभी के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार सुबह दुकानें खुली भीं और इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई, लेकिन जैसे ही एनकाउंटर की सूचना फैली दुकानदारों ने शटर बंद कर लिए। वहीं, बैंक कर्मी ताला बंद कर निकल गए। पुलिस सतर्क हो गई। 

यह भी पढ़ें: बहराइच में बड़ी कार्रवाई की तैयारी में योगी सरकार, आशि‍यानों पर चलेगा बुलडोजर; लाल न‍िशान लगाए जाने से हड़कंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।