बहराइच में पीडब्लूडी के ठेकेदार का गजब कारनामा, सड़क पर खड़ी थी कार और करा दिया निर्माण
Bahraich News: पीडब्लूडी ने सड़क चौड़ीकरण के लिए 50 करोड़ का टेंडर गोंडा जिले की निर्भया कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया था। ...और पढ़ें

महाराज सिंह इंटर कॉलेज के निकट खड़ी कार के डोर में फंसे टायर- जागरण
HighLights
50 करोड़ की लागत से हो रहा सड़क चौड़ीकरण का काम
बिना कार हटाए बना दी सड़क, कार का आधा पहिया डामर में दबा
गोंडा की निर्भया कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही निर्माण
जागरण संवाददाता, बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जो विभाग है, उसमें भी अव्वल दर्जे की लापरवाही की जा रही है। बहराइच में सड़क चौड़ीकरण का काम पीडब्लूडी ने जिस ठेकेदार को सौंपा है, उसने तो 50 करोड़ की लागत के काम में सड़क से कार को हटाए बिना ही काम कर दिया।
बहराइच के अस्पताल चौराहा पर महाराज सिंह इंटर कालेज के पास बिना कार हटाए ही सड़क बना दी गई। सड़क चौड़ीकरण का कार्य करवाने वाले ठेकेदार ने गजब कारनामा किया। वहां खड़ी कार को हटाया भी नहीं, कार के टायर आधे डामर में पटे हुए हैं। इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीडब्लूडी ने सड़क चौड़ीकरण के लिए 50 करोड़ का टेंडर गोंडा जिले की निर्भया कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया था। शहर के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क के दोनों तरफ डामरीकरण का काम किया जा रहा है। इस दौरान महराज सिंह इंटर कालेज के पास सड़क किनारे बिना कार हटाए ही सड़क का उसका करा दिया गया। विभाग के ठेकेदार, अधिकारियों और मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने कार के मालिक का पता लगाने या उसे वहां से हटवाने का प्रयास भी नहीं किया।
लापरवाही की हद पार करते हुए खड़ी कार के पहियों के ऊपर से ही जलता हुआ डामर डाल दिया और इसके बाद वहां पर रोलर चला दिया। इसके कारण कार के दोनों बाएं तरफ के टायर करीब आधे से ज्यादा डामर की मोटी परत के नीचे दबकर सड़क में ही जाम हो गए। सुबह जब स्थानीय राहगीरों ने यह नजारा देखा तो किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। अब सोशल मीडिया पर लोग लोक निर्माण विभाग व ठेकेदार के इस कार्यशैली का मजाक बना रहे हैं।
खबरें और भी
अधिशाषी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान खड़े वाहन स्वामी की काफी तलाश कराई गई,लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। उन्होंने बताया कि कार को कोई नुकसान न हो इसलिए जगह छोड़कर काम कराया गया है। अब कार हट गई है और सड़क निर्माण हो रहा है।