नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन का 31 अगस्त को होगा उद्घाटन, CM योगी और रेल मंत्री करेंगे शुभारंभ
बहराइच की नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन का 31 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा उद्घाटन किया जाएगा।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
HighLights
बहराइच-नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन का 31 अगस्त को उद्घाटन होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे शुभारंभ।
जिले के लोगों को मिलेंगी नई ट्रेन सेवाएं, बड़ी उपलब्धि।
जागरण संवाददाता, बहराइच। नेपालगंजरोड (रुपईडीहा) बहराइच ब्रॉडगेज रेल लाइन का 31 अग्रस्त को शुभारंभ होगा। रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। वहीं, दिल्ली से केंद्रीय रेल मंत्री कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग करेंगे। इस सूचना से जिले के लोगों में हर्ष है।
पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह ने बताया कि सुगम रेल सेवाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे निरंतर कार्याें के तहत बहराइच से नवनिर्मित, विद्युतीकृत बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन का 31 अगस्त को डेढ़ बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया जाएगा।
कई ट्रेनों का होगा संचालन
नेपालगंजरोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। मालूम हो कि दो वर्ष पूर्व 241 करोड़ रुपये की लागत से नेपालगंजरोड-बहराइच रेलवे स्टेशन का निर्माण ब्रॉडगेज में परिवर्तित हुआ था, लेकिन पांच बार से उदघाटन की तिथि आने के बाद भी शुभारंभ नहीं हो सका।
अब रेलवे के मंडल वाणिज्य प्रबंधक की ओर से पत्र जारी कर जिलेवासियों को सौगात दिया गया है। रेल प्रखंड का शुभारंभ होने से गाड़ी संख्या 14213/14 वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस ट्रेन, गाड़ी संख्या 15131/32 वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन और गोंडा-बहराइच के मध्य चलने वाली गाड़ी संख्या 75109/10 एवं 75111/75112 डेमू ट्रेनों का संचालन नेपालगंज रोड से किया जाएगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। औपचारिक रूप से सोमवार को प्रखंड पर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इसके दूसरे दिन से इंटरसिटी व डेमू ट्रेनों का संचालन नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। यह जिले के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी लखनऊ
