Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घाघरा नदी पर फोरलेन पुल निर्माण की तैयारी तेज, बहराइच-बाराबंकी मार्ग होगा सुगम, NHAI ने सेट किया टारगेट

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 09:26 PM (IST)

    बहराइच-बाराबंकी मार्ग पर घाघरा नदी पर फोरलेन पुल और सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है, जिसके लिए मिट्टी परीक्षण का काम तेज गति से चल रहा है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. घाघरा नदी पर फोरलेन पुल के लिए मिट्टी परीक्षण शुरू।

    2. बहराइच-बाराबंकी फोरलेन परियोजना दो साल में पूरी होगी।

    3. क्षेत्र के आर्थिक विकास और आवागमन को मिलेगा बढ़ावा।

    जागरण संवाददाता, बहराइच/जरवलरोड। बहराइच-बाराबंकी मार्ग व घाघरा नदी पुल पर फोरलेन बनाया जाएगा। इसके लिए पहले घाघरा नदी पर पुल बनाने के कार्य की शुरूआत हो चुकी है। संजय सेतु के उत्तरी दिशा में प्रस्तावित नए पुल के लिए मिट्टी परीक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

    पुल बनाने का कार्य पीएनसी कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का दावा है कि दो साल के अंदर पुल के साथ सड़क निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।

    लखनऊ-बहराइच सफर को और सुगम बनाने के लिए सात हजार करोड़ रुपये से फोनलेन बनाया जाएगा। विशेषज्ञों की तकनीकी टीम स्टीमर और विशेष नाव की सहायता से नदी के बीच पहुंचकर पाइलिंग के लिए आवश्यक मिट्टी की जांच कर रही है।

    नाव पर जनरेटर और आधुनिक ड्रिलिंग मशीनें लगाकर नदी की तलहटी की मिट्टी की गुणवत्ता तथा उसकी भार वहन क्षमता, पिलर रुकने की क्षमता, चौड़ाई, गहराई, पानी का तेज बहाव, मिट्टी की स्थिति, लंबाई ऊंचाई पिलर की संरचना का परीक्षण किया जा रहा है।

    पूरे कार्य की निगरानी एनएचएआई व कंपनी के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कर रहे हैं, ताकि पुल की मजबूत और सुरक्षित नींव तैयार हो सके।

    नया पुल बनने से बहराइच और बाराबंकी के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। साथ ही गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, सिद्धार्थनगर तथा नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

    स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पुल क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापार और पर्यटन को नई गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    एनएचएआई के सहायक अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि सड़क परियोजना के साथ सरयू-घाघरा नदी पर नए पुल के निर्माण के लिए आवश्यक कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी तकनीकी परीक्षण और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।

    खबरें और भी