विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपालगंज रोड-काशी स्पेशल ट्रेन में पहली बार चढ़े यात्री, गदगद होकर बोले- यह अच्छा हो गया 

Published: Tue, 01 Sep 2026 09:45 PM (IST)

मुख्यमंत्री ने नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से वाराणसी के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जिसमें पहले दिन यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिली।

नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से बहराइच पहुंची ट्रेन में बैठे यात्री। जागरण

नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से बहराइच पहुंची ट्रेन में बैठे यात्री। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने नेपालगंज रोड से वाराणसी स्पेशल ट्रेन रवाना की।

  2. पहले दिन यात्रियों को मुफ्त यात्रा का अनुभव मिला, वे खुश दिखे।

  3. यह ट्रेन नेपाल-भारत यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक जोड़ेगी।

जागरण संवाददाता, बहराइच। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से सोमवार को स्पेशल ट्रेन को मुख्यमंत्री ने रवाना किया। ट्रेन के उद्घाटन होने पर नेपाल व भारत के सैकड़ो यात्री सवार हुए। इन यात्रियों में कोई गोरखपुर तो कोई काशी जाने के लिए बैठा। सभी ने फ्री यात्रा की। सरकार के इस पहल को सभी ने सराहा।

सीमा पर स्थित नेपालगंजरोड (रुपईडीहा) रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेन संख्या 05064 बनारस के लिए दोपहर में 3:50 बजे मुख्यमंत्री ने रवाना किया। इसमें काफी संख्या में नेपाल के यात्री सवार हुए। रेलवे की ओर से इस आयोजन और यात्रा को भव्य बनाने के लिए यात्रियों को फ्री यात्रा के लिए आमंत्रित किया गया।

आधार देखकर लोगों को फ्री यात्रा का टिकट दिया। फ्री यात्रा का टिकट लेकर यात्री ट्रेन पर सवार हुए तो अंदर की सुविधाएं देखकर काफी खुश दिखे। यह सभी यात्री नेपालगंज रोड से बाबागंज, नानपारा, रिसिया, बहराइच, पयागपुर, विशेश्वरगंज, बलरामपुर, सिद्धर्थनगर, गोरखपुर व देवरिया होते हुए मंगलवार सुबह वाराणसी पहुंचेगी।

ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री काफी खुश दिखे। सभी का कहना है कि सरकार ने ब्राडगेज रेल लाइन पर अयोध्या, गोरखपुर व वाराणसी की सेवा दी है। अब हम सभी धार्मिक स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

यात्रा करने वाले नेपाली यात्री भी काफी खुश दिखे। ट्रेन में बैठे यात्रियों से दैनिक जागरण की टीम ने बातचीत की। प्रस्तुत है रिपोर्ट:

यात्रा का मिलेगा अनुभव

नेपालगंजरोड से ट्रेनों का संचालन होने से नेपाल के यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि नेपालगंज से चलने वाली स्पेशल ट्रेन का मैं भी साक्षी बन रहा हूं। इस ट्रेन से काशी दर्शन के लिए जा रहा हूं। कम खर्च और कम समय में सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।

-तुलसीराम कश्यप, नेपाल

अब ट्रेन से सफर

मेरा मायका श्रावस्ती जिले के रत्नापुर में है। नेपाल से बहराइच आने के बाद श्रावस्ती जाती हूं। पहले बस से यात्रा करने पर अधिक खर्च उठाना पड़ता था। अब ट्रेन से आवागमन करने पर कम खर्च होगा। ट्रेन चलने से पैसे व समय दोनों की बचत होगी।

-ममता, निवासी बांके, नेपाल।

सराहनीय कदम

हमारी रिश्तेदारी गोरखपुर में है। पहले गोरखपुर जाने के लिए हमें बसों से सफर करना पड़ता था। अब स्पेशल ट्रेन के संचालन से हम आसानी व कम समय में गोरखपुर पहुंच जाएंगे। सरकार ने नेपालगंज से गोरखपुर व बनारस की ट्रेन चलाकर सराहनीय कदम उठाया है। हम सभी इसका स्वागत करते हैं।

-शम्स अली, रुपईडीहा।

सफर बना यादगार

सरकार ने ट्रेन का संचालन कर तोहफा दिया है। इस परियोजना से सभी को लाभ मिलेगा। पहले दिन फ्री यात्रा से सफर यादगार बन गया। मैं भी रुपईडीहा से यात्रा करके बहराइच पहुंची हूं। अब लोगों को नेपाल यात्रा करने के लिए बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

-गौरी, बहराइच।