बलिया में स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बाइपास कर 2900 उपभोक्ता कर रहे थे बिजली चोरी, विभाग ने कसा शिकंजा
बलिया में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम का लक्ष्य चार लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाना है, जिसमें से 1.20 लाख लग चुके हैं। हालांकि, 2900 उपभोक्ताओं द्वार ...और पढ़ें

बलिया में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी का बड़ा खुलासा, 2900 उपभोक्ता पकड़े गए।
HighLights
बलिया में 2900 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर से की बिजली चोरी।
विद्युत विभाग ने विजिलेंस को सौंपी सूची, प्राथमिकी की तैयारी।
उपभोक्ता अब स्मार्ट मीटर लगवाने से कर रहे किनारा।
जागरण संवाददाता, बलिया। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से जिले में चार लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का लक्ष्य है। अभी तक विद्युत वितरण के चारों खंड में 1.20 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाया गया है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद भी बिजली की चोरी नहीं रुकी है। जनपद में 2900 उपभोक्ताओं के द्वारा स्मार्ट मीटर से बाइपास कर बिजली चोरी करने का मामला सामने आया है।
इसको लेकर विभाग के अधिकारियों ने विजिलेंस और प्रवर्तन दल को सूची सौंप दी है। जिसके बाद खलबली मची है। इसमें 100 से अधिक लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की भी तैयारी हो रही है। बिजली चोरी का मामला पकड़ में आने के बाद अब अधिकांश लोग स्मार्ट मीटर लगवाने से भी किनारा कर रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने वाली टीम जब उपभोक्ताओं के यहां पहुंच रही है तो उपभोक्ता टीम से उलझ भी जा रहे हैं। ऐसे में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के लक्ष्य को हासिल करना विभाग के लिए आसान नहीं है।
अधिक बिल आने की समस्या से मिल सकता छुटकारा
विभाग के अधिकारियों का दावा है कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को अधिक बिल आने की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। मीटर उपभोक्ता बिजली निगम के एप के जरिये कंट्रोल कर सकते हैं। उपभोक्ता जब घर में रहेंगे, तब इसे आन रख सकेंगे। घर से बाहर जाने पर इसे बंद करना होगा। इसकी मदद से उपकरणों की निगरानी की जा सकेगी।
फाल्ट होने पर दूसरे स्थान से ही मीटर से बिजली आपूर्ति को आन या फिर आफ किया जा सकेगा। बिजली खपत की निगरानी भी की जा सकेगी। उपभोक्ता जितने पैसों का रिचार्ज करेंगे, बिजली भी उतनी ही जलेगी। इस व्यवस्था से बिजली बिल की गड़बड़ी से भी मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि यह मीटर लगने के बाद अधिक बिल आ रहा है, लेकिन विभाग के अधिकारी इस शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
जनपद में बिजली के स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का चार लाख लक्ष्य है। अभी तक 1.20 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगा है, लेकिन कई लोग मीटर से बाइपास कर बिजली चोरी कर रहे हैं। स्मार्ट मीटर से ही संदेश विभाग के पास पहुंचा है। इसमें 100 से अधिक लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कराने की तैयारी है।
राजकुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड तृतीय।