अजब-गजब: ट्रेजरी के लॉकर रूम से गायब ताला 13 दिन बाद भी नहीं मिला, चोरी का मुकदमा
बलिया के बांसडीह ट्रेजरी के लाकर रूम से 13 दिन पहले गायब हुआ एक ताला अब तक नहीं मिला है। तहसीलदार की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुर ...और पढ़ें

HighLights
बांसडीह ट्रेजरी के लाकर रूम से ताला गायब।
17 जून को गायब हुआ ताला, 13 दिन बाद भी नहीं मिला।
तहसीलदार की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। तहसील परिसर स्थित उपकोषागार (ट्रेजरी) के अति सुरक्षित माने जाने वाले लॉकर रूम का एक ताला रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार नितिन कुमार सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उपकोषागार के प्रभारी उपकोषाधिकारी असगर हुसैन ने उच्चाधिकारियों को भेजी रिपोर्ट में बताया कि लॉकर रूम के मुख्य द्वार पर दो ताले लगे थे। बीते 17 जून को निरीक्षण के दौरान उनमें से एक ताला अपनी जगह से गायब मिला। कर्मचारियों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद ताले का कोई सुराग नहीं लग सका।
सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले उपकोषागार से ताला गायब होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। जब ताला ढूंढकर थक गए तो मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने बांसडीह कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अत्यधिक सुरक्षित माने जाने वाले लॉकर रूम से ताला किन परिस्थितियों में और कैसे गायब हुआ।
तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रभारी उपकोषाधिकारी द्वारा ताला गायब होने की सूचना दिए जाने के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।