बलिया में मिलेगा पांच लाख का बिना गारंटी ब्याजमुक्त लोन, आठवीं पास युवा कर सकेंगे आवेदन
बलिया में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को ट्रैक्टर आधारित मिनी मसाला मिल और आटा चक्की के लिए 5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण मिलेगा।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।
HighLights
युवाओं को 5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण मिलेगा।
ट्रैक्टर आधारित मिनी मसाला मिल, आटा चक्की स्थापित करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं के लिए अपना कारोबार शुरू करने का सुनहरा अवसर है। अब पूंजी के अभाव में युवाओं को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सरकार ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ट्रैक्टर आधारित मिनी मसाला मिल, आटा चक्की और ट्राली स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ऋण देने की योजना शुरू की है।
खास बात यह है कि ऋण के लिए किसी गारंटी की जरूरत नहीं होगी और ऋण पर ब्याज भी नहीं देना पड़ेगा। इससे गांवों में युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।योजना के तहत कुल पांच लाख रुपये की परियोजना पर बैंक से 4.95 लाख रुपये का टर्म लोन स्वीकृत किया जाएगा। इसमें करीब 4.05 लाख रुपये ट्रैक्टर और 90 हजार रुपये चक्की के लिए निर्धारित हैं।
इसके अलावा पांच हजार रुपये कार्यशील पूंजी के रूप में दिए जाएंगे। सरकार लाभार्थी को परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत यानी 50 हजार रुपये की वित्तीय सब्सिडी भी देगी। लाभार्थी को भी 50 हजार रुपये अपने अंशदान के रूप में लगाने होंगे।
आठवीं पास होना जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही कम से कम आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। पात्र युवा आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ फोटो, जरूरी अभिलेख, परियोजना रिपोर्ट और संबंधित डीलर अथवा विक्रेता का कोटेशन लगाना होगा।
गांव में ही रोजगार का बनेगा साधन
योजना के तहत ट्रैक्टर और उससे जुड़ी मशीनरी बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे युवा आटा चक्की और मसाला मिल के साथ ट्राली के माध्यम से भी आमदनी कर सकेंगे। खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और छोटे कारोबारियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार की मंशा युवाओं को नौकरी की तलाश में शहरों की ओर पलायन करने के बजाय गांव में ही रोजगार का साधन उपलब्ध कराना है।
विभागों को मिला 50-50 आवेदन का लक्ष्य
योजना को धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी ने एनआरएलएम, कृषि, उद्यान, पंचायती राज, ग्रामोद्योग, खंड विकास अधिकारी, सभी बैंकर्स और नाबार्ड समेत संबंधित विभागों को 50-50 आवेदन कराने का लक्ष्य दिया है। अधिकारियों को पोर्टल पर अधिक से अधिक पात्र युवाओं के आवेदन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
खंड विकास अधिकारी नवानगर विनोद कुमार विंद ने बताया कि योजना के तहत युवाओं को बैंक से ऋण दिलाकर ट्रैक्टर व उससे जुड़ी मशीनरी उपलब्ध कराई जाएगी। लाभार्थियों को 10 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि योजना में महिंद्रा और स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे। इच्छुक पात्र युवा आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उद्योग विभाग के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- जौनपुर में सैंपल कलेक्शन सेंटर बना जिला अस्पताल, आईएचएल में शिफ्ट हुई मशीनें
