बलिया में बाढ़ पीड़ितों को 50 किलो की राहत किट, बोले सीएम योगी- 'सपा राज में 500 ग्राम भी नहीं मिलता था'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों से बातचीत की और राहत सामग्री वितरित की।

बलिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया, पीड़ितों को मिली राहत।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
सरयू और गंगा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
पीड़ितों से बातचीत कर राहत सामग्री का वितरण किया।
जागरण संवाददाता, बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकाप्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरयू और गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हालात का जायजा लेने के साथ ही बाढ़ प्रभावितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और बाढ़ राहत सामग्री का वितरण भी किया।
बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सहतवार के गलाफरपुर मौजे में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने बलिया सदर, बांसडीह और बैरिया तहसील में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। प्रत्येक बाढ़ पीड़ित को 50 किलो की राशन किट उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में पीड़ितों को 500 ग्राम राशन भी नसीब नहीं होता था। सपा सरकार में केवल राहत सामग्री में लूट होती थी। उसके नेता-कार्यकर्ता अपनी जेब भरते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश में गुंडों और माफिया को बढ़ावा दिया। उस समय की व्यवस्था पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि तब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की स्थिति थी, जबकि भाजपा सरकार में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कालेज’ की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि बलिया में भी मेडिकल कालेज का शिलान्यास जल्द किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वह पहले ही मेडिकल कालेज के शिलान्यास के लिए बलिया आने वाले थे, लेकिन बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उन्होंने पहले बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता इस समय बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाना है। सपा पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उसके शासनकाल में उत्सव से पहले उपद्रव की स्थिति पैदा होती थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोग अब किस मुंह से युवाओं की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ होता था, जबकि भाजपा सरकार में माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में माफिया की कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि अपराध और माफिया के खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी और माफिया या तो जेल में होंगे या फिर सीधे जहन्नुम में जाएंगे।
