Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बल‍िया में गैस सिलेंडर का दाम बढ़ने के बाद स्टाक भी कम पड़ा, 6.55 लाख उपभोक्ता परेशान

    By Lavkush SinghEdited By: Abhishek sharma
    Updated: Tue, 10 Mar 2026 03:01 PM (IST)

    बलिया में रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने और उपलब्धता में कमी से 6.55 लाख उपभोक्ता परेशान हैं। घरेलू सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल पर 115 रुपये की बढ़ ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बलिया में गैस सिलेंडर के दाम बढ़े, आपूर्ति बाधित।

    2. नए उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए 25 दिन इंतजार।

    3. 6.55 लाख उपभोक्ता प्रभावित, रसोई बजट बिगड़ा।

    जागरण संवाददाता, बलिया। रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के साथ-साथ जिले में सिलेंडर की उपलब्धता भी प्रभावित होने लगी है। जनपद में उज्ज्वला के 2.05 लाख 268 और सामान्य गैस सिलेंडर के 4.50 लाख 696, कुल 6.55 लाख 955 उपभोक्ता है। गैस सिलेंडर की कुल 55 एजेंसियां हैं। लगभग एजेंसियों पर गैस सिलेंडर की बुकिंग इतनी हो चुकी है कि अब से जो उपभोक्ता बुकिंग करेंगे, उन्हें 25 दिन के बाद गैस सिलेंडर मिल पाएगा।

    गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि पहले जो लोग बुकिंग किए हैं, उनकी आपूर्ति होने के बाद ही अब से बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाएगी। इससे खासकर गृहिणियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे रसोई का बजट प्रभावित हो गया है।

    लोगों का कहना है कि महंगाई के बीच यह बढ़ोतरी अतिरिक्त बोझ है। इससे हर घर के लोगोें की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई। लोगों का कहना है कि एक तरफ गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, दूसरी तरफ समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

    कई उपभोक्ताओं को बुकिंग कराने के बाद भी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। गृहिणियों का कहना है कि पहले ही महंगाई से घर चलाना मुश्किल हो रहा था, अब गैस सिलेंडर महंगा होने और समय पर न मिलने से दिक्कत हो रही है। उज्ज्वला के लाभार्थियों को मजबूरी में लकड़ी या दूसरे ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है।
    शहर में विगत पांच दिन से गैस लेकर नहीं पहुंची गाड़ी

    खबरें और भी

    शहर के लोगों को पिछले पांच दिनों से घरों तक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि वितरक की ओर से गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे न केवल घरेलू रसोई में समस्या पैदा हुई है, बल्कि जरूरतमंदों को गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि संबंधित एजेंसी जल्द सिलेंडर की आपूर्ति बहाल करे, ताकि घरों में रोजमर्रा का काम प्रभावित न हो।

    • गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से घर का खर्च संभालना मुश्किल हो गया है। पहले ही सब्जी और राशन महंगा है, ऊपर से गैस सिलेंडर का दाम बढ़ गया है। अगर समय पर सिलेंडर भी नहीं मिलेगा तो और भी समस्या होगी। -संगीता देवी।
    • गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी से घर का बजट प्रभावित हो गया है। कई दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं मिली। हर बार फोन करने पर कहा जाता है कि स्टाक कम है, जल्द ही सिलेंडर मिल जाएगा। -प्रीति चौरसिया।
    • गैस सिलेंडर हर घर की जरूरत है। सरकार को गैस सिलेंडर के दाम पर नियंत्रण करना चाहिए और एजेंसियों को पर्याप्त स्टाक उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। दाम बढ़ने के बाद अचानक दिक्कत बढ़ गई है। -हीना खातून।
    • गैस सिलेंडर का दाम बढ़ने से हर कोई परेशान हो गया है। सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। अभी के समय में सब्जी का भाव भी आसमान पर है। गैस सिलेंडर का दाम बढ़ने के कारण रसोई प्रभावित होने लगी है। -मीता सिंह।
    • गैस सिलेंडर की सप्लाई में कमी आने से दिक्कत हो रही है। अभी तक एजेंसी पर 1800 उपभोक्ता बुकिंग करा चुके हैं। इसके बाद जो बुकिंग करेंगे, उन्हें 25 दिन बाद ही सिलेंडर उपलब्ध हो सकेगा। -छोटेलाल सिंह, एलपीजी गैस एजेंसी संचालक, रसड़ा।

    गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब सभी वितरकाें के यहां लगातार गाड़ियां आ रहीं हैं। जल्द ही दिक्कत खत्म हो जाएगी। इसकी लगातार निगरानी भी की जा रही है।

    -

    देव मणि मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी, बलिया।