बलरामपुर में चार उत्सव भवनों का निर्माण शुरू, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
बलरामपुर की चारों विधानसभाओं में पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिसमें खजुरिया, अहिरौली बुजुर्ग और मुड़िला में जमीन चयन पूरा हुआ है।

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। चारों विधान सभा में पंचायत उत्सव भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायतों में जमीन के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सदर विधानसभा में ग्राम पंचायत खजुरिया, उतरौला में अहिरौली बुजुर्ग व तुलसीपुर में मुड़िला गांव में उत्सव भवन बनेगा।
गैंसड़ी विधानसभा में भुसहर उंचवा गांव का चयन लगभग छह माह पूर्व ही कर लिया गया था। यहां पर निर्माण चल रहा है। एक करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा।
इस भवन में मैरिज लान, स्टेज, मंडप, हाल, रैंप आदि का निर्माण कराया जाएगा। गांव में उत्सव भवन बनने से ग्रामीणों को मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत होगी।
ग्रामीणों को सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों को सशक्त आधार देने एवं महंगे टेंट-मैरिज हाल का खर्च बचाकर गांव वालों को सस्ती सुविधा देने के उद्देश्य से जिले के चारों विधान सभा में एक-एक उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा।
यह भवन विवाह और मांगलिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित रूप में तैयार किया जाएगा। भवन ग्रामीणों की जरूरत को देखते हुए विकसित किया जाएगा।
गांव में लंबे समय से मांगलिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान की कमी महसूस की जा रही थी, शादी, तिलक, भंडारा और सामुदायिक बैठकों के लिए ग्रामीणों को निजी टेंट, बैंक्वेट हाल या महंगे लान किराये पर लेना पड़ता था, जिससे खर्च काफी बढ़ जाता था। गांव में उत्सव भवन निर्माण होने से ग्रामीणों को इससे मुक्ति मिलेगी।
भवन में यह होगी सुविधाएं
पंचायत उत्सव भवन में 500 से अधिक लोगों के बैठने के लिए हाल, आधुनिक रसोई, पेयजल की सुविधा, सुसज्जित स्टेज एवं दिव्यांगजन के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। भवन का उपयोग नाममात्र के निर्धारित शुल्क पर किया जा सकेगा।
चारों विधानसभा में एक-एक पंचायत उत्सव भवन निर्माण करने के लिए गांवों की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। गैंसड़ी विधानसभा में भुसहर ऊंचवा में एक करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से उत्सव भवन का निर्माण कराया जा रहा है। बाकी की निविदा प्रक्रिया के बाद शुरू होगी।
-अशोक कुमार सचान, जिला पंचायत राज अधिकारी
