करवाचौथ आज: सुहागिन महिलाएं व्रत रखकर मांगेंगी अखंड सुहाग, जान लें पूजन की सही विधि
बलरामपुर में करवा चौथ को लेकर सुहागिनों ने खास तैयारियां की हैं, जिसमें डिजाइनर करवे, आभूषण और परिधानों की खरीदारी से बाजार गुलजार हैं।

Karwa Chauth | करवाचौथ 2026।
HighLights
करवा चौथ के लिए बलरामपुर में बाजार गुलजार, खरीदारी तेज।
सुहागिनें डिजाइनर करवे, आभूषण और परिधान खरीद रही हैं।
ब्यूटी पार्लरों में भारी छूट, महिलाएं नए लुक के लिए उत्साहित।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। करवा चौथ मनाने के लिए सुहागिनों ने खास तैयारी की है। सुहागिनें 29 अक्टूबर को होने वाले करवा चौथ के सामानों की खरीदारी करने में जुटी रही। डिजाइनर सोने-चांदी के करवे, आभूषण व परिधानों के साथ खास चूड़ियों की भी खरीदारी सुहागिनें कर रही हैं।
मिट्टी के करवे व लइया-गट्टा की पूरे दिन बिक्री हुई। नाम के साथ चूड़ियों की खासियत सुहागिनों को भा रही है। करवा चौथ को लेकर देर रात तक बाजार गुलजार रहे। करवा चौथ से कारोबारियों को भी लाभ हो रहा है।
करवा चौथ को लेकर बाजार में बुधवार को चहल-पहल रही। देर रात तक लोग खरीदारी में जुटे रहे। सबसे अधिक भीड़ ब्यूटी पार्लरों में दिखी। यहां महिलाएं सुबह से ही खुद को नए लुक में लाने को लेकर बेताब दिखीं। सबसे अधिक बिक्री आभूषण विक्रेताओं के यहां हुई।
दुकानदार आरिफ हुसैन ने बताया कि हल्के व अधिक पहने जाने वाले जेवर चेन, पायल, हार, बिछिया की अधिक मांग है। आभूषणों के साथ ही आर्टिफिशियल गहनों की खूब बिक्री हुई। पति द्वारा लाई साड़ी व गहने पहन पूजन की परंपरा के चलते कपड़ा बाजार में रौनक दिखी।

कपड़ा व्यवसायी रिंकू मदान का कहना है कि चुनरी समेत अन्य साड़ियों की खूब बिक्री हुई। मोबाइल व इलेक्ट्रानिक सामानों की भी जमकर खरीददारी हुई। ठठेरी बाजार के बर्तन विक्रेता अभिषेक कसेरा बताते हैं कि महिलाएं 700 से लेकर 1400 तक फूल का करवा खरीद रहीं हैं।
ब्यूटी पार्लर भी देर रात तक रहे गुलजार
करवा चौथ को लेकर ब्यूटी पार्लर चलाने वालों की चांदी रही। करवा चौथ पर पिया को लुभाने के लिए सुहागिनों में गजब का उत्साह रहा। इसे देखते हुए ब्यूटी पार्लरों में भी आफर की धूम रही।
नगर पालिका वार्ड में ब्यूटी पार्लर संचालक शिवांगी सिंह ने बताया कि मेकअप, मेहंदी, फेशियल समेत सभी सेवाओं में 60 प्रतिशत की छूट दी गई है। इस करवा पर 300 रुपये में दोनों हाथ की मेहंदी, 3500 रुपये में फेशियल पैकेज, हैंड वैक्स, फुल लेग वैक्स, थ्रेडिंग, फोरहेड, हेयर वाश, लो डायर आदि पर 60 प्रतिशत छूट है। एडवांस बुकिंग कराकर महिलाएं पार्लर पहुंच रहीं हैं।
ऐसे करें पूजन-
पंडित बजरंगी प्रसाद ने बताया कि करवा चौथ का पूजन विधि-विधान से करना चाहिए। सुबह स्नान करने के बाद महिलाएं हाथ में जल लेकर व्रत का संकल्प लें। निर्जला उपवास प्रारंभ करें। पूजन के लिए आठ पुरियों की अठावरी और हलवा बनाएं। पीली मिट्टी से गौरी बनाकर उनकी गोद में श्री गणेश को बैठाएं।
गौरी को चुनरी ओढ़ा, बिंदी समेत अन्य सुहाग सामग्री से श्रृंगार करें। इनके बाद सामने जल से भरा एक कलश रखें। करवा में गेहूं और ढक्कन में शक्कर भर दें। उसके ऊपर दक्षिणा रखें। रोली से करवा पर स्वास्तिक बनाएं। व्रत की कथा सुनते समय गेहूं या चावल के 13 दाने हाथ में रखें। कथा की समाप्ति पर इन्हें गौरी मां को चढ़ा दें। अब करवे से रात में चंद्रमा की आरती करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।