विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर में आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही पर दो दारोगा लाइन हाजिर, आरोपी को भेजा गया जेल

Published: Sat, 15 Aug 2026 01:03 AM (IST)

बिजनौर में मकान विवाद में मारपीट और फायरिंग के मामले में गिरफ्तारी में लापरवाही पर दो दारोगा लाइन हाजिर हुए। ...और पढ़ें

आरोपितों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने पर दो दारोगा लाइन हाजिर।

आरोपितों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने पर दो दारोगा लाइन हाजिर।

HighLights

  1. एसपी ने गिरफ्तारी में लापरवाही पर दो दारोगा लाइन हाजिर किए।

  2. मकान विवाद में मारपीट और फायरिंग का मामला था।

  3. मुख्य आरोपी विपिन सिसौदिया तमंचे के साथ गिरफ्तार, जेल भेजा।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। मकान के विवाद में घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं करने पर एसपी ने चौकी इंचार्ज और हलका दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया है।

आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपित विवादित जमीन की खरीद-परोख्त में लिप्त रहा है। घटना में आरोपित की मुख्य भूमिका थी।

स्योहारा थाना क्षेत्र के कस्बा सहसपुर के मुहल्ला सराय कला निवासी गुलफ्शा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो अगस्त को युनुस, सायरा, शादाब, शोएब, प्रिंस, आजम, मरगूब व अन्य उसके घर में घुस गए थे।

महिला और उसके स्वजन के साथ गाली-गलौज, मारपीट करते हुए फायरिंग की थी और धमकी देते हुए फरार हो गए थे। पीड़िता का कहना था कि आरोपित उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

विवेचना के दौरान विपिन सिसौदिया पुत्र टीकम सिंह निवासी गांव पालनपुर, थाना स्योहारा, हाल निवासी गैस एजेंसी के पीछे विकास नगर, स्योहारा समेत तीन आरोपितों के नाम प्रकाश में आए।

घटना का वीडियो में सभी लोग मौके पर दिखाई दे रहे थे। लेकिन दस दिन बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई। पीड़ित पक्ष ने एसपी अभिषेक झा से इसकी शिकायत की थी।

इस मामले एसपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने पर गुरुवार रात सहसपुर चौकी इंचार्ज यशदेव शर्मा और हलका दारोगा राजेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।

उधर, शुक्रवार को आरोपित विपिन सिसौदिया को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक तमंचा बरामद किया गया है। आरोपित के इशारे पर ही मारपीट व फायरिंग हुई थी।

शुक्रवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी में लापरवाही पर चौकी इंचार्ज और हलका दारोगा को लाइन हाजिर किया गया है।

यह भी पढ़ें- हाथरस में नायब तहसीलदार की गाड़ी ने मोपेड को मारी टक्कर, दादा-पोते की मौत