बांदा में मुंडन संस्कार के बाद मंदिर के बाहर आया मासूम, पल भर में खुशियां हुई खाक, बाइक की टककर से मौत
बांदा में मुंडन संस्कार के बाद मंदिर से बाहर आए चार वर्षीय मासूम सुशांत की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी बाइक चालक की गिरफ्त ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र स्थित श्री सिद्धिदात्री विंध्यवासिनी देवी मंदिर, खत्री पहाड़ में बहन का मुंडन संस्कार कराने आए नरैनी तहसील के करतल निवासी परिवार की खुशियां गुरुवार को पलभर में मातम में बदल गईं। दर्शन कर मंदिर से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार बाइक ने चार वर्षीय सुशांत को टक्कर मार दी।
गंभीर हालत में उसे मेडिकल कालेज बांदा से कानपुर रेफर किया गया, जहां गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह स्वजन शव लेकर मंदिर पहुंचे और अकबरपुर चौकी के सामने रखकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करते हुए पहले दुर्घटना करने वाले बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया और चालक की तलाश शुरू कर दी।
नरैनी तहसील के करतल निवासी दीपक कुमार गुप्ता पुत्र प्रदीप कुमार अपनी पत्नी, बच्चों और रिश्तेदारों के साथ गुरुवार को पुत्री परी का मुंडन संस्कार कराने और देवी दर्शन के लिए श्री सिद्धिदात्री विंध्यवासिनी देवी मंदिर, खत्री पहाड़ आए थे। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मुंडन संस्कार और दर्शन के बाद जैसे ही परिवार मंदिर से बाहर निकलकर मंदिर संपर्क मार्ग पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने दीपक के चार वर्षीय पुत्र सुशांत को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्वजन तत्काल उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान सुशांत ने दम तोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह कानपुर से शव लेकर लौटे स्वजन सीधे मंदिर परिसर स्थित अकबरपुर चौकी पहुंचे और शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। दिवंगत के पिता दीपक कुमार गुप्ता का कहना था कि जब तक दुर्घटना करने वाले बाइक चालक की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वह पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।
खबरें और भी
सूचना पर चौकी प्रभारी गौरव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्वजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन अपनी मांग पर अड़े रहे। जिस बेटे के साथ परिवार खुशी-खुशी उसकी छोटी बहन के मुंडन संस्कार में शामिल होने आया था, उसी की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मां सहित अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने स्वजन को कार्रवाई का भरोसा दिया है और दुर्घटना करने वाले बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।