बाराबंकी में दबंगों को दुस्साहस, बंजर भूमि पर कब्जे से रोका तो ट्रैक्टर चढ़ाकर वृद्ध की दिनदहाड़े हत्या
Barabanki Crime News: रोशन सिंह ने रविवार 12 बजे बाद पूरी तैयारी के साथ कब्जे की योजना बनाई और बंजर जमीन को ट्रैक्टर से जोतकर उस पर कब्जा करने लगे।

दोनों पक्षों के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
HighLights
दबंगों के हमले में मृतक के परिवार के छह लोग गंभीर, बचाने आए लोगों को भी पीटा
मौके से ट्रैक्टर के साथ कई बाइक सहित लाठियां बरामद, क्षेत्र में तनाव पर पुलिस बल तैनात
निरंकार जायसवाल, बाराबंकी। दबंगों का जिले में कहर जारी है और पुलिस भी अहसाय है। यहां पर रविवार को दबंगों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर वृद्ध शमशेर को मार डाला।
यह लोग इतने पर ही नहीं रुके और बचाव करने आए वृद्ध के परिवारजन पर हमलाकर छह और गांव के दो लोगों को घायल कर दिया है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी ने गांव में संवेदनशीलता देख पुलिस फोर्स लगा दी है। चार आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।
सुबेहा के गुमान सिंह मजरे कोलवा के विक्रमाजीत सिंह व शमशेर के बीच घर के बाहर पड़ी बंजर की जमीन पर कब्जेदारी का दो वर्षों से विवाद चल रहा है। बंजर जमीन शमशेर के घर के ठीक सामने, जबकि जमीन के बाद सड़क के दूसरी तरफ विक्रमाजीत सिंह का घर है। जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों में रंजिश है।
विक्रमाजीत के पुत्र रोशन सिंह ने रविवार 12 बजे बाद पूरी तैयारी के साथ कब्जे की योजना बनाई और बंजर जमीन को ट्रैक्टर से जोतकर उस पर कब्जा करने लगे। आरोप है कि शमशेर ने विरोध करते हुए रोका तो रोशन ने ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ा दिया।
इसी दौरान शमशेर के परिवारजन पहुंच गए तो दबंगों ने साथियों के साथ लाठियों से उन पर हमला कर दिया। जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे शमशेर की गर्भवती बहू बदरुननिशा, सजीदुन निशा, उनकी पुत्री शबा, रशीद अली, शबरीन और अरमान अली सहित गांव के 66 वर्षीय शंकर लाल व उनके पुत्र राजेंद्र भी घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां 70 वर्षीय शमशेर को मृत घोषित कर दिया गया।
मौके से पुलिस ने ट्रैक्टर सहित कई दो पहिया वाहन और लाठी डंडा बरामद कर थाने ले गई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बाहरी लोगों को भी वारदात के लिए बुलाया था। एसपी अर्पित विजयवर्गीय व एएसपी रितेश कुमार सिंह ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। दोनों पक्षों के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है। एसपी ने बताया कि यहां पर बंजर की जमीन पर कब्जे में वारदात हुई है, जो तहरीर मिलेगी, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
