विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर भीषण बस हादसा, पांच वर्षीय बच्चे की मौत, कई घायल

Published: Tue, 01 Sep 2026 10:15 PM (IST)

तेज बारिश के बीच बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर दो बसों की भिड़ंत में एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई ...और पढ़ें

बड़ागांव सीएचसी में भर्ती घायल। जागरण

बड़ागांव सीएचसी में भर्ती घायल। जागरण 

HighLights

  1. बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत।

  2. हादसे में पांच वर्षीय बच्चे आर्यन की दुखद मौत हुई।

  3. कुल 76 यात्री सवार थे, कई घायल, ढाई घंटे जाम।

जागरण संवाददाता, गणेशपुर (बाराबंकी)। बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मंगलवार दोपहर बाद तेज बारिश के बीच कैसरबाग और बाराबंकी डिपो की अनुबंधित बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में दोनों बसों में सवार कई यात्री घायल हो गए। सीएचसी पहुंचाए गए 14 घायलों में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और भीषण जाम लग गया।

रामनगर के रानी बाजार के निकट हुए हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां रामनगर के कुंहरावां निवासी आशीष के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां पूजा सहित वंदना पांडेय, राजेश कुमार, सुफिया, संदीप मिश्रा, राजकुमारी, शिवम सहित कई घायलों का उपचार किया गया।

राजेश कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं कुछ घायलों को सीएचसी बड़ागांव भेजा गया।

बाराबंकी डिपो बस के परिचालक अरविंद कुमार शुक्ला निवासी रामनगर व चालक प्रभाकर सहित रामलली, राज कुमारी निवासी कानपुर, नरेंद्र सिंह निवासी बिहार गया जहानाबाद और अशोक कुमार तिवारी सहित त्रिलोकपुर निवासी प्रभाकर को भी जिला अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु हाे सका। करीब ढाई घंटे जाम की स्थिति रही।

सीओ रामनगर गरिमा पंत ने बताया कि सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। हादसे में मृत बच्चा बाराबंकी डिपो में सवार था। वहीं एआरएम संजीव श्रीवास्तव ने घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि टिकैतनगर जा रही बाराबंकी डिपो की बस में 36 यात्री सवार थे, जबकि कैसरबाग डिपो की बस में 40 यात्री थे। दोनों बसों में कुल 76 यात्री सवार थे।