Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दो दशक का इंतजार खत्म, बाराबंकी में ढेमा-बाजपुर घाट पुल का शिलान्यास, हजारों ग्रामीणों को मिलेगी राहत

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 06:00 PM (IST)

    राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने ढेमा-बाजपुर घाट पर 9.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया। यह पुल दो दशक से अधिक पुरानी मांग को प ...और पढ़ें

    ढेमा-बाजपुर घाट पर पुल का शिलान्यास करते राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा: जागरण

    ढेमा-बाजपुर घाट पर पुल का शिलान्यास करते राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा: जागरण

    HighLights

    1. राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने ढेमा-बाजपुर घाट पुल का शिलान्यास किया।

    2. 9.02 करोड़ की लागत से बनेगा, मार्च तक पूरा होने का लक्ष्य।

    3. दो दर्जन गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा।

    जागरण रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। दो दशक से अधिक समय से चली आ रही मांग आखिर पूरी हो गई। ढेमा-बाजपुर घाट पर बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण कार्य का राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने शिलान्यास किया।

    करीब 9.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल के निर्माण से दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। निर्माण कार्य मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

    राज्यमंत्री ने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के किसानों, छात्रों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। दूरी कम होने से आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को लंबे चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

    उन्होंने कहा कि सरकार गांव और गरीब के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण लंबे समय से बाजपुर घाट पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। क्षेत्रवासियों की मांग और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद पुल को स्वीकृति मिली।

    पुल बनने से नदी पार स्थित ढेमा, बढ़ोली, जमौली समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के करीब दस हजार लोगों को रामसनेहीघाट के रास्ते लखनऊ जाने में आसानी होगी।

    वहीं बाजपुर, जयचंदपुर, पूरे घिसियावन सहित आसपास के गांवों के लोगों की अयोध्या की ओर आवाजाही भी सुगम हो जाएगी। पुल के साथ दोनों ओर संपर्क मार्ग भी बनाए जाएंगे। बाजपुर की ओर करीब 560 मीटर और ढेमा की ओर लगभग 900 मीटर लंबा एप्रोच रोड प्रस्तावित है। पुल की लंबाई करीब 560 मीटर होगी।

    पुल निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र में आंदोलन भी हुए थे। दो वर्ष पूर्व पारा गांव के ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार किया था और बाद में किसान यूनियन ने भी नदी किनारे धरना देकर पुल निर्माण की मांग उठाई थी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों के आश्वासन और प्रयासों से परियोजना को मंजूरी मिली।

    बाजपुर प्रधान देवीदीन दिवाकर, प्रदीप सिंह, विक्रम सिंह, राहुल सिंह, रूपेश सिंह, विवेक सिंह, अजय सिंह, परमेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, संतोष सिंह, उमेश तिवारी, सुरेंद्र मिश्र, अधिशाषी अधिकारी संतोष मिश्र, रविंद्र कुमार पाल, अखंड प्रताप सिंह मौजूद रहे।

    खबरें और भी