बाराबंकी में फर्जी पासपोर्ट रैकेट का खुलासा, एक गिरफ्तार दूसरा फरार; तीन लोग जा चुके जेल
बाराबंकी में फर्जी दस्तावेज से दूसरा पासपोर्ट बनवाने के मामले में मोहम्मद नयुम गिरफ्तार हुआ है, जबकि सीतापुर का एजेंट गुफरान अंसारी फरार है।

HighLights
फर्जी दस्तावेज से दूसरा पासपोर्ट बनवाने का मामला।
पासपोर्ट धारक मोहम्मद नयुम बाराबंकी से गिरफ्तार।
सीतापुर का एजेंट गुफरान अंसारी अभी फरार।
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। नाम व पते के फर्जी दस्तावेज लगाकर दूसरा पासपोर्ट बनाने का एक और मामला प्रकाश में आया है। लखनऊ से मिली जानकारी पर पुलिस ने जांच कर पासपोर्ट धारक व बनवाने वाले सीतापुर के व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पासपोर्ट धारक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश चल रही है।
बड्डूपुर के टड़वानानकारी मोहम्मद नयुम ने नाम पहला पासपोर्ट (जे3833434) 15 अक्टूबर 2010 को जारी हुआ जिसकी वैधता 14 अक्टूबर 2020 तक थी। इसमें नयुम की जन्म तिथि 12 जून 1983 अंकित है, जबकि मो. नयुम का दूसरा पासपोर्ट (एन7234213) 22 जनवरी 2016 को जारी हुआ, जिसकी समाप्ति तिथि 21 जनवरी 2026 थी। इस पासपोर्ट में नयुम की जन्म तिथि बदलकर एक जनवरी 1989 अंकित है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से मिले इनपुट पर जांच कराई गई, तो पता चला कि आवेदन में लगे दस्तावेज से पाया गया कि पासपोर्ट धारक मो. नयुम ने सीतापुर महमूदाबाद केदारपुर निवासी एक व्यक्ति गुफरान अंसारी जो पासपोर्ट बनवाकर विदेश भेजने का काम करता है और उसका कार्यालय सीतापुर के मजमूदाबाद पैतेपुर बाजार में स्थित है।
जिसके सहयोग से षड्यंत्र करके फर्जी पासपोर्ट बनवाया गया। गुफरान ने नयुम से पैसे लेकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया और दूसरा पासपोर्ट का आवेदन किया, जिसमें जन्म तिथि व नाम की स्पेलिंग सहित पते में भिन्नता कर दूसरा पासपोर्ट बनवाया था। गुफरान फर्जी कागज तैयार कर धोखाधड़ी कर पैसे लेकर लोगों का पासपोर्ट बनवाकर विदेश भेजने का काम करता है।
जांच के बाद 17 अगस्त 2026 को दारोगा रामनाथ प्रसाद ने तहरीर देकर दोनों आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कराया है।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि लखनऊ से मिले इनपुट पर जांच के बाद मुकदमा कराया गया है। बड्डपुर पुलिस ने पासपोर्ट धारक मोहम्मद नयुम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सीतापुर के गुफरान की तलाश चल रही है।
27 दिन में तीसरा मुकदमा
फर्जी दस्तावेज के आधार पर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाने के यह तीसरा मामला है। इससे पूर्व 23 जुलाई को बड्डूपुर में पिपरौली के मोहम्मद हुसैन और 11 अगस्त 2026 को जहांगीराबाद में दराहरा निवासी पिंटू के खिलाफ मुकदमा कराया गया। 27 दिन में यह तीसरा ऐसा मामला है, जो फिर बड्डूपुर का है।
