बाराबंकी में दो बार फुंका केबल बॉक्स, सात फीडरों के 300 गांव में छाया अंधेरा
बाराबंकी के दरियाबाद में आंधी-पानी के कारण दो बार केबल बॉक्स फुंकने से 300 गांवों में 14 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, दरियाबाद (बाराबंकी)। आंधी पानी में पहले मुख्य लाइन फेल हुई और फिर बाद में पावर हाउस का केबल बॉक्स फुंक गया। रात में 132 केवीए पावर हाउस पर फुंके केबल बॉक्स से दो उपकेंद्र के सात फीडरों के करीब तीन सौ गांव में अंधेरा पसर गया। मरम्मत हुई और जैसे ही बिजली शुरू हुई, हाइवे पर मुख्य लाइन में दूसरा केबल बाक्स फुंक गया। जिससे नगर समेत तीन गांव की बत्ती दोपहर तक गुल रही। कोटवाधाम से बिजली जोड़ कर बहाल करने की कोशिश में कर्मी लगे रहे।
दरियाबाद नगर समेत ग्रामीण इलाके की बिजली बीती रात तेज हवा और पानी से हुई खराबी में गुल हो गई। पानी ठप हुआ और हवा ठहरने के बाद भी बत्ती बहाल नहीं हुई। 33केवीए मुख्य लाइन के फेल होने पर अंधेरा रहा। बिजली कर्मी फाल्ट खोजने में जुटे। पता चला कि 132 केवीए पावर हाउस पर केबल बाक्स फुंक गया है।
केबल बाक्स फुंकने से दुल्हदेपुर व मथुरानगर के उपकेंद्रों की आपूर्ति ठप हो गई। रात में ही मरम्मत शुरू हुई। भोर में मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास हुआ। लेकिन हाइवे पर 33 केवीए लाइन का केबल बॉक्स जल गया, जिससे मेहनत पर पानी फिर गया। मरम्मत के लिए कर्मी बुलाए गए। उधर उपभोक्ता परेशान हुए। आपूर्ति बहाल करने के लिए कोटवाधाम से लाइन को जोड़ने का काम शुरू हुआ। करीब 14 घंटे से अधिक तीन सौ गांव की बिजली गुल है।
इन गांवों की बिजली गुल
दरियाबाद के मथुरानगर उपकेंद्र से टाउन समेत तीन फीडरों को एक सैकड़ा गांव को बिजली दी जाती है। इसी तरह जेठौती कुर्मियान समेत चार फीडरों की बिजली दुल्हदेपुर उपकेंद्र से दी जाती है। दुल्हदेपुर उपकेंद्र के रामपुर रायसाहब, गोकुला, मुरारपुर, जेठौती कुर्मियान, राजपूतान, मरखापुर, बीकापुर, पहरुपुर, कीटोली, नियामतपुर, दनापुर क्यामपुर, गाजीपुर, इंदरपुर,कुड़वासा, रामपुर राय साहब आदि गांवों की बिजली गुल रही। वहीं टाउन दरियाबाद समेत महदीपुर, मथुरानगर, पतुलकी, तेलमा, कुशफर, लक्ष्मणपुर, भेलौना, मालिनपुर समेत करीब दोनों उपकेंद्र के तीन सौ गांव में अंधेरा रहा।
'मुख्य लाइन का केबल बाक्स दो बार फुंकने से दोनों उपकेंद्र के सात फीडर की लाइन ठप है। एक बार पावर हाउस और दूसरी बार लाइन लगाते ही हाइवे पर फुंका है। कोटवाधाम से जोड़ कर लाइन बहाल कराई जा रही है। मरम्मत कार्य चल रहा है।'- सर्वेश कुमार, एसडीओ बिजली विभाग