पूर्वांचल से बंगाल जाने वाली ट्रेनों के फेरे बढ़े, दिवाली-छठ पर घर जाने वालों को नहीं होगी परेशानी
रेलवे ने दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वांचल से बंगाल तक चलने वाली कई एक्सप्रेस और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए हैं।

पूर्वांचल से बंगाल जाने वाली ट्रेनों के फेरे बढ़े।
HighLights
दीपावली और छठ के लिए रेलवे ने बढ़ाए ट्रेनों के फेरे।
बाराबंकी जंक्शन पर कई स्पेशल ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित।
यात्रियों को कन्फर्म टिकट और भीड़ से मिलेगी राहत।
वी. राजा, बाराबंकी। दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने पूर्वांचल से बंगाल तक चलने वाली कई एक्सप्रेस और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए हैं। बाराबंकी जंक्शन पर इन सभी ट्रेनों का ठहराव होगा, जिससे जिले के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
अमृतसर-बरौनी स्पेशल 04668/04667 के 29 नवंबर तक नौ फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बाराबंकी और गोंडा होते हुए वाराणसी, छपरा, हाजीपुर और बरौनी जाएगी। बाराबंकी में इसका ठहराव सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर होगा।
अमृतसर-कोलकाता स्पेशल 04624/04623 के 25 नवंबर तक 8 फेरे होंगे। यह ट्रेन गोंडा, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर और बरौनी होते हुए कोलकाता जाएगी। बाराबंकी में इसका ठहराव दोपहर साढ़े 12 बजे होगा।
नागपुर-समस्तीपुर त्योहार स्पेशल 01207/01208 21 अक्टूबर से शुरू की गई है।
यह हर बुधवार को नागपुर से चलकर अगले दिन सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर बाराबंकी पहुंचेगी। वापसी में शुक्रवार को दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर बाराबंकी आएगी। इससे नागपुर, भोपाल, कानपुर और गोरखपुर के यात्रियों को सुविधा होगी।
शकूरबस्ती-दिल्ली-मानसी स्पेशल 5 से 14 नवंबर तक 8 फेरे लगाएगी। दिल्ली से चलकर यह सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर बाराबंकी पहुंचेगी।
बाराबंकी जंक्शन से रोजाना 140 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं और करीब आठ हजार यात्री सफर करते हैं। फेरे बढ़ने से बिहार, बंगाल और अन्य प्रांतों की यात्रा करने वालों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी। भीड़ कम करने के लिए इन ट्रेनों में अतिरिक्त एसी थ्री इकोनामी कोच भी लगाए गए हैं। स्टेशन अधीक्षक एके रायजादा ने बताया कि अतिरिक्त फेरों से पर्व के दौरान ट्रेन से यात्रा आसान होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।