बाराबंकी में एसीएमओ डॉ. एलबी गुप्ता को भारी पड़ा रेड कारपेट वेलकम, पैर फिसलने से टूटा हाथ; जांच शुरू
ACMO Barabanki: ड्यूटी पर तैनात अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. एलबी गुप्ता गड्ढे पर बिछे रेड कारपेट पर पैर पड़ते ही गिर पड़े और उनका हाथ फ्रैक् ...और पढ़ें

एसीएमओ बाराबंकी -डॉ. एलबी गुप्ता
HighLights
राजकीय संप्रेक्षण गृह में आयोजित किया गया था स्वागत कार्यक्रम
गड्ढे को ढकने के लिए ऊपर से बिछा दी गई थी रेड कारपेट
संवाद सूत्र, बाराबंकी। वैसे तो रेड कारपेट वेलकम किसी के लिए भी गौरव और सम्मान का क्षण होता है, लेकिन बाराबंकी में एसीएमओ के लिए यह काफी भारी पड़ गया और उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
राजकीय संप्रेक्षण गृह में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. एलबी गुप्ता गड्ढे पर बिछे रेड कारपेट पर पैर पड़ते ही गिर पड़े और उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना मंगलवार को संप्रेक्षण गृह में बने सेफ हाउस के पास की है, जहां एसीएमओ की ड्यूटी लगाई गई थी।
जिला प्रशासन ने संबंधित चूक पर जांच शुरू करवाई है। संबंधित वेंडर पर कार्रवाई की जा सकती है। उसने गली वाले मार्ग पर पड़े गड्ढे को ढकने के लिए ऊपर से रेड कारपेट बिछा दी गई थी। कारपेट के नीचे छिपे गड्ढे को एसीएमओ डॉ. एलबी गुप्ता देख नहीं सके और चलते-चलते उनका पैर फंस गया।
संतुलन बिगड़ने पर वह जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और हड्डी टूट गई। हादसे के फौरन बाद उन्हें कार्यक्रम स्थल से जिला अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने एक्सरे जांच के बाद हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की और प्लास्टर चढ़ाकर इलाज शुरू किया। घटना से सवाल उठ रहे हैं कि वीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और साफ-सफाई में बरती गई लापरवाही से कैसे एक जिम्मेदार अधिकारी ही घायल हो गए।